'या तो आगे बढ़ो या मुझसे शादी करो', हिना खान ने रॉकी को दिया था ऐसा अल्टीमेटम, 15 मिनट वाली बात पर सानिया मिर्जा ने पूछा सवाल

टीवी एक्ट्रेस हिना खान, जो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में अपने आइकॉनिक रोल के लिए जानी जाती हैं, उन्होंने अपनी शादी को लेकर कुछ ऐसी बातें बताई हैं, जिसने उनके फैंस का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है। हाल ही में 'सर्विंग इट अप विद सानिया' शो में टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के साथ बातचीत में हिना ने बताया कि उन्होंने अपने लंबे समय के पार्टनर रॉकी जायसवाल से शादी करने का फैसला अचानक लिया था। लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात तो ये है कि उनकी शादी की पूरी प्रक्रिया 15 मिनट से भी कम समय में पूरी हो गई थी!
अचानक शादी और 'या तो आगे बढ़ो या मुझसे शादी करो' वाला अल्टीमेटम
सानिया मिर्जा के शो में जब हिना खान ने अपनी शादी की एक तस्वीर देखी, तो उन्होंने अपनी इस अनोखी कहानी का खुलासा किया। उन्होंने साफ-साफ बताया कि यह सब कुछ बिना किसी प्लानिंग के हुआ था। हिना ने कहा, "यह बस एक अचानक लिया गया फैसला था। हमने इसकी कोई प्लानिंग नहीं की थी। मुझे नहीं लगता कि हम शादी करने के लिए तैयार थे।" उन्होंने बताया कि वे और रॉकी 10 साल से ज्यादा, शायद 13-14 साल से साथ हैं।
हिना ने बताया कि उनकी सेहत को लेकर जो कुछ भी चल रहा था, उसी मुश्किल दौर में उन्होंने रॉकी जायसवाल के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जो एक तरह का अल्टीमेटम जैसा था। उन्होंने रॉकी से दो टूक कह दिया था, "या तो आप आगे बढ़ जाएं किसी और से शादी कर लें, जिससे भी आप चाहें, या फिर मुझसे ही शादी कर लें, क्योंकि मुझे नहीं पता कि कल क्या होगा।" जब सानिया ने हिना से पूछा कि क्या उन्होंने वाकई 15 मिनट में शादी कर ली थी, तो हिना ने जवाब दिया, "असल में, उससे भी कम समय में।" जब सानिया ने पूछा कि क्या यह फैसला उनकी सेहत की स्थिति की वजह से लिया गया था, तो हिना ने कहा कि वह बिल्कुल सही समझी हैं।
अनिश्चित भविष्य और अटूट विश्वास
हिना ने आगे बताया कि उस मुश्किल वक्त में उनके मन में भविष्य को लेकर कई सवाल थे। उन्हें नहीं पता था कि आगे क्या होने वाला है। उन्होंने कहा कि यह अनिश्चितता की बात थी। इसी अनिश्चितता के बीच उन्होंने सोचा कि "चलो, इसे कर ही लेते हैं।" और रॉकी ने कहा, ठीक है। हिना के मुताबिक उन्हें कभी कोई दिक्कत नहीं थी।
सानिया मिर्जा ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि इतने लंबे समय से साथ रहने वाले कपल के लिए शादी एक स्वाभाविक कदम हो सकती है। लेकिन हिना खान का मानना है कि शादी उनके रिश्ते को परिभाषित नहीं करती। उन्होंने कहा, "शादी हो या न हो, इससे कुछ नहीं बदलता। सब कुछ वैसा ही है।" दोनों को अपनी पहली शादी की सालगिरह तक याद नहीं रही। रात तक जब दोस्तों और परिवार के लोगों ने उन्हें बधाइयां देना शुरू किया, तब उन्हें इस खास दिन का एहसास हुआ। हिना ने बताया कि उनकी ननद ने भी उन्हें एनिवर्सरी की याद दिलाई थी। यह दिखाता है कि वे एक-दूसरे के साथ कितने सहज रहते हैं और उन कपल्स में से नहीं हैं जो खास तौर पर डेट पर जाने की योजना बनाते हैं, उनके लिए हर दिन एक साथ रहना ही सबसे खास है।
कैंसर से जंग के बीच रचाई शादी
यह सब 4 जून 2025 की बात है, जब हिना खान और रॉकी जायसवाल ने मुंबई स्थित अपने घर की छत पर एक बेहद निजी समारोह में शादी की थी। इस खास मौके पर उनके परिवार के करीब 20 सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही मौजूद थे। इस शादी का फैसला उस वक्त लिया गया था जब हिना स्टेज 3 ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही थीं। इस मुश्किल दौर में रॉकी उनके साथ चट्टान की तरह खड़े रहे और दोनों ने अपने रिश्ते को शादी का खूबसूरत नाम दिया।
दरअसल, हिना खान ने जून 2024 में सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को बताया था कि उन्हें स्टेज 3 ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है। इस खबर के सामने आने के बाद उनके फैंस और पूरी टीवी इंडस्ट्री ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। एक्ट्रेस ने इलाज के दौरान भी गजब की हिम्मत बनाए रखी और सोशल मीडिया पर अपनी हेल्थ से जुड़ी अपडेट्स लगातार शेयर करती रहीं। इस पूरे मुश्किल सफर में उनके पार्टनर रॉकी जायसवाल लगातार उनके साथ खड़े रहे। हिना ने कई मौकों पर यह बात खुद कही है कि कैंसर से लड़ाई के दौरान रॉकी ने उनका पूरा साथ दिया और अपनी जरूरतों से पहले हमेशा उनकी सेहत को प्राथमिकता दी। हालांकि, हिना के कैंसर का इलाज अभी जारी है।
