वायरल वीडियो पर कीर्ति सुरेश की सफाई, बोलीं "अपनी सोच को सही करने की जरूरत है"

हाल ही में फिल्म निर्माता मिस्किन के साथ एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुआ। ये दोनों अपनी आने वाली फिल्म 'सत्यवान सावित्री' के एक इवेंट में शामिल हुए थे। वीडियो में मिस्किन, कीर्ति की तारीफ करते हुए उनके घुटने पर बार-बार हाथ रखते दिखाई दे रहे थे। बस फिर क्या था, ये वीडियो आग की तरह फैल गया और सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस छिड़ गई।
इंटरनेट यूजर्स ने इस वीडियो पर जमकर अपनी राय दी। कई लोगों ने दावा किया कि मिस्किन के इस बर्ताव से कीर्ति असहज दिख रही थीं, वहीं कुछ फैंस ने कहा कि दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग है और शायद कीर्ति को इससे कोई दिक्कत नहीं थी। सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें और अटकलें चलती रहीं।
इन सब के बीच, अब खुद कीर्ति सुरेश ने इस पूरे विवाद पर रिएक्ट किया है। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया को लेकर लगाए जा रहे तमाम कयासों पर सवाल उठाते हुए एक कड़ा जवाब दिया है। कीर्ति ने साफ तौर पर कहा कि ऑन-स्क्रीन परफॉर्मेंस और असली जिंदगी की तुलना करना बिल्कुल गलत है।
उन्होंने लिखा, "पहली बात, आपको मेरे चेहरे पर असहजता कहां दिखी? क्या आपने उन्हें या मुझे यह कहते नहीं सुना कि हमारा रिश्ता बाप-बेटी जैसा है?" कीर्ति ने आगे कहा, "दूसरी बात, मान लीजिए मैं असहज थी तो भी आप क्या कह रहे हैं कि फिल्मों में एक-दूसरे को छूते हैं इसलिए मुझे सार्वजनिक रूप से भी ऐसा करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। आप लोगों को अपनी सोच को सही करने की जरूरत है।"
वर्कफ्रंट की बात करें तो कीर्ति सुरेश को हाल ही में वेब सीरीज 'अक्का' में देखा गया था, जिसमें राधिका आप्टे भी एक अहम भूमिका में थीं। यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
