तमिल भजन 'वरुवाई' की ग्रैमी 2027 में धमाकेदार एंट्री, देवन एकंबरम कौन हैं?

ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 में 'धुरंधर' के कई गानों को भेजा गया था, लेकिन उन सबको रिजेक्ट कर दिया गया. वहीं, भारत की तरफ से तमिल भजन 'वरुवाई' ने बाजी मार ली है और इसे बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है. ये पहला तमिल सॉन्ग है जिसे इंडियन अमेरिकन सिंगर देवन एकंबरम ने सुभिक्षा रंगराजन के साथ मिलकर गाया है. देवन ही इस गाने के कंपोजर भी हैं.
ये एक इंडिपेंडेंट ट्रैक है, जिसे ग्रैमी में नॉमिनेशन मिलने के बाद से लाइमलाइट मिली है. देवन एकंबरम ने ये गाना 12 अगस्त को यूट्यूब पर रिलीज किया था और इसे 22,147 व्यूज़ मिले हैं. यूट्यूब पर इसकी कोई खास पॉपुलैरिटी नहीं है. देवन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया है कि उनके लिए ये कितना खास है क्योंकि ये ग्रैमी में जगह बनाने वाला पहला तमिल गाना है.
तो आखिर ये देवन एकंबरम हैं कौन, जिनकी धुन अब इंटरनेशनल लेवल पर बज रही है? देवन एक म्यूज़िक कंपोजर, प्लेबैक सिंगर और म्यूज़िक प्रोड्यूसर हैं. इन्होंने अपनी प्लेबैक जर्नी 1999 में एआर रहमान की फिल्म 'कधलर दिनम' से शुरू की थी. उन्होंने तमिल, तेलुगू और कन्नड़ में कई गाने गाए हैं. वैसे ये कोई पहली बार नहीं है जब उनका नाम ग्रैमी से जुड़ा हो; वो इससे पहले भी ग्रैमी विनर म्यूज़िक एल्बम का हिस्सा रह चुके हैं. 2015 में वो एल्बम 'विंड्स ऑफ संसार' में वोकलिस्ट थे और 2022 में 'डिवाइन टाइड्स' एल्बम के साथ भी कोलैबोरेशन किया था. उनके पास चार ग्रैमी सर्टिफिकेट भी हैं, लेकिन एक इंडिपेंडेंट म्यूजिशियन के तौर पर उन्हें पहली बार चुना गया है.
'वरुवाई' गाने की बात करें तो देवन ने इसे मॉर्डन टच के साथ गाया है. ये गाना कृष्ण भक्ति को समर्पित है, जिसे करीब 100 साल पहले कवि भारथियार, यानी सुब्रमण्यम भारती ने लिखा था. सुब्रमण्यम भारती उस समय अंग्रेजी सरकार के खिलाफ स्वतंत्रता सेनानियों का हौसला बढ़ाने के लिए लिखते थे, और उनकी कविताओं में भक्ति और देशभक्ति दोनों का रस साफ दिखता था.
अब देखते हैं देवन एकंबरम का ये 'वरुवाई' ग्रैमी में कमाल करता है या बस नॉमिनेशन ही लाइमलाइट बटोर ले जाएगा! आप क्या सोचते हैं?
