दीया मिर्जा ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी पर साधा निशाना, कहा 'बात करने की तमीज नहीं', क्या ये नई सीरीज का पब्लिसिटी स्टंट है?

बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा ने हाल ही में अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करने के अपने एक्सपीरियंस को किसी 'बुरे सपने' (नाइटमेयर) जैसा बताया है. दीया ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर नवाजुद्दीन को सीधे टैग करते हुए लिखा, “बात करने की तमीज नहीं, एटीट्यूड अलग लेवल का” ऑफेंसिव कैरेक्टर!.
दीया के इस पोस्ट ने हर किसी को हैरान कर दिया है, क्योंकि उन्होंने इस गुस्से के पीछे की कोई ठोस वजह नहीं बताई है. हालांकि, इस पूरे मामले के पीछे पब्लिसिटी स्टंट होने की बातें भी सामने आ रही हैं. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का कहना है कि यह दोनों एक्टर्स की आने वाली सीरीज 'डॉ. हसन' के लिए एक पीआर स्टंट है. नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने इस मामले पर अभी तक कोई ऑफिशियल बयान नहीं दिया है.
वैसे नवाजुद्दीन सिद्दीकी का विवादों से गहरा नाता रहा है. यह पहला मौका नहीं है जब वह अपने व्यवहार, बयानों या पर्सनल लाइफ के कारण सुर्खियों में आए हों. उनका करियर उपलब्धियों के साथ-साथ बड़े विवादों से भी घिरा रहा है.
'एन ऑर्डिनरी लाइफ' विवाद: जब किताब लेनी पड़ी वापस
नवाजुद्दीन सिद्दीकी के करियर का सबसे बड़ा और सबसे ज़्यादा चर्चित विवाद अक्टूबर 2017 में उनकी ऑटोबायोग्राफी 'एन ऑर्डिनरी लाइफ: ए मेमॉयर' के पब्लिश होने के साथ शुरू हुआ था. पत्रकार रितुपर्णा चटर्जी के साथ लिखी गई और पेंगुइन रैंडम हाउस द्वारा पब्लिश की गई इस किताब में नवाज ने अपने स्ट्रगल के दिनों के साथ-साथ अपने लव अफेयर्स का भी बेहद पर्सनल और इंटिमेट डिटेल में ज़िक्र किया था.
किताब के अंश सामने आते ही उन महिलाओं ने नवाज पर झूठ बोलने और बिना परमिशन उनकी प्राइवेट बातों को पब्लिक करने के गंभीर आरोप लगाए, जिनका ज़िक्र किताब में किया गया था. इस मामले में पूर्व मिस इंडिया और फिल्म 'मिस लवली' में नवाज की को-स्टार रहीं एक्ट्रेस निहारिका सिंह ने खुलकर नाराजगी जताई थी. किताब में नवाज ने निहारिका के साथ अपने रिश्ते और इंटीमेट पलों को डिटेल में लिखा था. इस पर रिएक्ट करते हुए निहारिका सिंह ने नवाजुद्दीन पर अपनी किताब बेचने के लिए मनगढ़ंत कहानियां गढ़ने और महिलाओं का फायदा उठाने का आरोप लगाया. यह विवाद इतना बढ़ गया कि नेशनल कमीशन फॉर वुमेन (NCW) में भी नवाज के खिलाफ निहारिका सिंह की डिग्निटी को ठेस पहुंचाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी.
इसी किताब को लेकर वेब सीरीज 'पंचायत' में 'क्रांति देवी' का पॉपुलर किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस सुनीता राजवार ने भी नवाजुद्दीन सिद्दीकी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था. नवाज ने अपनी किताब में सुनीता को अपना पहला प्यार बताया था और लिखा था कि स्ट्रगल के दिनों में गरीब होने के कारण सुनीता ने उनसे रिश्ता तोड़ लिया था, जिसके बाद वे डिप्रेशन में चले गए थे और सुसाइड तक का ख्याल उनके मन में आया था.
इन दावों को पूरी तरह से नकारते हुए सुनीता राजवार ने फेसबुक पर एक लंबा पोस्ट लिखा और किताब की बातों को 'असाधारण झूठ' बताते हुए नवाज को 'सिंपैथी बटोरने वाला' करार दिया. सुनीता ने अपने पोस्ट में साफ किया कि उनका रिश्ता एक नाटक के सिर्फ तीन शो के भीतर ही खत्म हो गया था, क्योंकि उन्हें नवाज की सोच से 'घिन आने लगी थी'. उन्होंने तीखे शब्दों में लिखा था, "मैंने तुम्हें तुम्हारी गरीबी की वजह से नहीं, तुम्हारी गरीब सोच की वजह से छोड़ा था."
इतना ही नहीं, 4 नवंबर 2017 को सुनीता राजवार ने अपनी इमेज खराब करने और मेंटल हैरेसमेंट पहुंचाने के आरोप में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, सह-लेखिका रितुपर्णा चटर्जी और पब्लिशर को लीगल नोटिस भेजकर ₹2 करोड़ के हर्जाने की मांग की थी, जिसे चैरिटी में देने की बात कही गई थी. चारों तरफ से हो रही आलोचना और कानूनी दबाव के आगे झुकते हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने 30 अक्टूबर 2017 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (जो अब X है) पर माफी मांगी और अपनी किताब 'एन ऑर्डिनरी लाइफ' को वापस लेने की घोषणा कर दी थी.
'बाबूमोशाय बंदूकबाज' सेट पर बवाल: जब चित्रांगदा सिंह ने बीच में छोड़ी फिल्म
साल 2016 में फिल्म 'बाबूमोशाय बंदूकबाज' की शूटिंग के दौरान एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह के अचानक फिल्म छोड़ने का मामला भी नवाजुद्दीन सिद्दीकी के लिए एक बड़ा विवाद बना था. जून 2016 में लखनऊ में चल रही शूटिंग के दौरान चित्रांगदा सेट छोड़कर मुंबई लौट आई थीं. उन्होंने आरोप लगाया था कि फिल्म के डायरेक्टर कुशान नंदी और प्रोड्यूसर किरण श्याम श्रॉफ ने उन पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ एक इंटीमेट सीन को बार-बार शूट करने का दबाव बनाया और 'आपत्तिजनक भाषा' का इस्तेमाल किया.
चित्रांगदा सिंह ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उस सीन के दौरान वे असहज महसूस कर रही थीं, इसके बावजूद डायरेक्टर उनसे नवाज के ऊपर लेटने और 'बिंदास' होकर सीन करने की ज़िद कर रहे थे. बाद में मी टू मूवमेंट के दौरान चित्रांगदा सिंह ने इस घटना को याद करते हुए सीधे तौर पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए थे. चित्रांगदा ने कहा कि जब सेट पर उन्हें धमकाया और अपमानित किया जा रहा था, तब नवाजुद्दीन सिद्दीकी वहां चुपचाप बैठे रहे और 'तूफान के शांत होने का इंतजार' करते रहे. चित्रांगदा के मुताबिक, नवाज सेट पर एक ताकतवर मेल एक्टर की पॉजिशन में थे और वे चाहते तो इस हैरेसमेंट के खिलाफ स्टैंड ले सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया.
पत्नी आलिया से तलाक का विवाद और 100 करोड़ का मानहानि केस
नवाजुद्दीन सिद्दीकी की मैरिड लाइफ भी लंबे समय तक पब्लिक में विवादों और कोर्ट की लड़ाइयों का हिस्सा रही है. मई 2020 में उनकी पत्नी आलिया सिद्दीकी (जिनका असली नाम अंजना किशोर पांडे है) ने उन्हें तलाक का लीगल नोटिस भेजकर गंभीर आरोप लगाए थे. हालांकि, साल 2021 में दोनों के बीच सुलह की कोशिश हुई, लेकिन 2023 की शुरुआत में यह फैमिली फाइट सड़क और कोर्ट तक पहुंच गई .
मार्च 2023 में आलिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि नवाजुद्दीन और उनके परिवार ने उन्हें और उनके दोनों नाबालिग बच्चों (बेटी शोरा और बेटे यानी) को मुंबई स्थित बंगले से बाहर निकाल दिया है और फाइनेंशियल हेल्प रोक दी है. इन आरोपों पर पलटवार करते हुए नवाजुद्दीन ने कहा था कि उन्होंने मुंबई में आलिया के लिए अलग फ्लैट खरीदा है और बच्चों की पढ़ाई व खर्च के लिए लगातार पैसे भेज रहे हैं.
इसके साथ ही मार्च 2023 में नवाजुद्दीन ने बॉम्बे हाई कोर्ट में अपनी पत्नी आलिया और अपने ही भाई शमासुद्दीन (शमास) सिद्दीकी के खिलाफ ₹100 करोड़ का डिफेमेशन (मानहानि) का केस फाइल किया. अपनी पिटीशन में नवाज ने दोनों पर झूठे और 'दुर्भावनापूर्ण बयान' देकर उनकी इमेज खराब करने का आरोप लगाया और सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री साझा करने से रोकने की मांग की. दूसरी ओर, उनके भाई शमास सिद्दीकी ने भी नवाज पर पैसों की हेराफेरी और धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे. हालांकि, इस लंबे कानूनी और फैमिली ड्रामे के बाद मार्च 2024 में एक चौंकाने वाला मोड़ आया, जब आलिया ने नवाजुद्दीन और बच्चों के साथ अपनी शादी की 14वीं सालगिरह मनाते हुए तस्वीरें शेयर कीं और कहा कि बच्चों के फ्यूचर की खातिर उन्होंने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने का फैसला किया है.
अब दीया मिर्जा के लेटेस्ट 'नाइटमेयर' वाले बयान को लेकर फिर से नवाज़ुद्दीन सुर्खियों में हैं.
