तबीयत की खबरों के बीच फैंस से मिले अमिताभ बच्चन, ब्लॉग में लिखा- हाथ में दर्द

शनिवार, 7 नवंबर की शाम महानायक अमिताभ बच्चन की सेहत से जुड़ी चिंताजनक खबरें सामने आईं, लेकिन इसके बावजूद, बिग बी ने अपना वादा निभाया। हर रविवार की तरह, रविवार, 8 नवंबर को भी उन्होंने जलसा के बाहर आकर फैंस से मुलाकात की। इस बार बुलेटप्रूफ शील्ड हटा दी गई थी।
इससे पहले अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर जलसा को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं। इन्हीं धमकियों के चलते उससे पिछले रविवार उन्होंने एक बुलेटप्रूफ कांच के कैबिन की आड़ में फैंस को दर्शन दिए थे। तब वो कैबिन के अंदर से ही हाथ हिलाते और हाथ जोड़कर नमस्कार करते नजर आए थे। उस वक्त भी उनके बेटे अभिषेक बच्चन उनके साथ मौजूद थे। इस बार शील्ड हटा दी गई, फिर भी अभिषेक बच्चन पीछे सतर्क खड़े दिखे।
अमिताभ बच्चन ने अपने आधिकारिक ब्लॉग में दीपावली और चतुर्दशी की शुभकामनाएं दीं और लिखा कि ईश्वर की कृपा हमेशा सब पर बनी रहे।
बिग बी ने लिखा कि उन्हें इतनी बधाइयां और तोहफे मिलते हैं कि अब उन्हें रखने की जगह कम पड़ने लगी है। उन्होंने बताया कि वह तोहफे भेजने वालों को पत्र लिखकर जवाब देने की कोशिश कर रहे हैं और खुद जवाब देना चाहते हैं, लेकिन जिस हाथ से लिखते हैं, उसे चलाने में कष्ट हो रहा है। इसी वजह से हो रही देरी के लिए उन्होंने फैंस से माफी भी मांगी है। ब्लॉग के अगले हिस्से में उन्होंने यह भी लिखा कि पिछले कुछ दिनों से ऐसी स्थिति बन रही है, जिसके चलते उन्हें बार-बार माफी मांगनी पड़ रही है। ये सुनकर तो बस एक ही बात कहने का मन करता है, 'बिग बी, आप आराम कीजिए, फैंस आपकी हर बात समझेंगे!'
इतना ही नहीं, इस भावुक ब्लॉग के अलावा अमिताभ बच्चन ने अपने आधिकारिक X अकाउंट से भी दो छोटी और रहस्यमयी पोस्ट शेयर कीं। पहली पोस्ट में उन्होंने बस 'हो हो हो गया।' लिखा, और दूसरी में सवालिया अंदाज में लिखा, 'और क्या? बस।'
इन सभी बातों के बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है। न्यूज एजेंसी आईएएनएस ने 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) से जुड़े एक सूत्र के हवाले से लिखा है कि अमिताभ बच्चन की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। और इसी वजह से टीवी के इस लोकप्रिय शो के नए एपिसोड की शूटिंग भी रोक दी गई है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि तबीयत में सुधार होने पर महानायक जल्द ही नए एपिसोड शूट करेंगे। खुद अमिताभ बच्चन ने भी अपने ब्लॉग में लिखा है कि वह अपनी रूटीन पर लौटने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
हम उम्मीद करते हैं कि बिग बी जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर लौटें।
