मुंबई एयरपोर्ट पर भड़के अदनान सामी: बोले, 'प्रणाम सर्विस' को शर्म आनी चाहिए!

सिंगर और संगीतकार अदनान सामी ने मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर एयर इंडिया और उसकी 'प्रणाम सर्विस' की बदइंतजामी को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया है. उन्होंने X पर एक लंबा पोस्ट लिखकर बताया है कि कैसे 5 घंटे की फ्लाइट देरी से लेकर स्टाफ के बुरे बर्ताव तक, उनका अनुभव बेहद खराब रहा. पाकिस्तान मूल के भारतीय नागरिक अदनान सामी ने साफ-साफ कहा कि इस 'प्रणाम सर्विस' को तो शर्म आनी चाहिए.
अदनान सामी ने अपना पोस्ट 'मुंबई एयरपोर्ट T2 पर 'प्रणाम सर्विसेज' को शर्म आनी चाहिए!' लिखकर शुरू किया. 55 साल के इस सिंगर ने बताया कि वो इस सर्विस के शुरुआती ग्राहकों में से एक हैं और इसे काफी समय से इस्तेमाल कर रहे हैं. 'प्रणाम सर्विस' मुंबई एयरपोर्ट की एक प्रीमियम पेड एयरपोर्ट सहायता सेवा है, जो एयर इंडिया के साथ मिलकर यात्रियों को भीड़-भाड़ या आम टर्मिनल परेशानियों से बचाने का दावा करती है. लेकिन, अदनान सामी का कहना है कि उन्हें इस सर्विस से जो मिला, वो बिल्कुल उल्टा था.
'एयर इंडिया' को टैग कर निकाली भड़ास
अदनान सामी ने एयर इंडिया को टैग करते हुए लिखा, "एक पुराने क्लाइंट के तौर पर मुझे यह बताना पड़ रहा है कि मेरा पिछला अनुभव... सच कहूं तो... बिल्कुल भी अच्छा नहीं था!" उन्होंने बताया कि जब वे एयरपोर्ट पहुंचे, तो उन्हें रिसीव करने के लिए कोई मौजूद ही नहीं था, जबकि उनके स्टाफ को कन्फर्मेशन कॉल भी आया था. उनकी एयर इंडिया की फ्लाइट 5 घंटे लेट थी, जो अपने आप में एक बड़ी परेशानी थी. अदनान के मुताबिक, 'प्रणाम' को इस देरी के बारे में पता था, लेकिन उन्होंने यात्रियों को तब बताया जब वे सिक्योरिटी चेक से अंदर जा चुके थे.
अगर उन्हें पहले बताया जाता, तो वे इतनी जल्दी एयरपोर्ट आते ही नहीं और आराम से घर पर ही इंतजार कर सकते थे. अदनान सामी ने इस लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये को उनकी लंबी और थका देने वाली एयरपोर्ट प्रतीक्षा का कारण बताया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें असाइन की गई महिला स्टाफ का बर्ताव बहुत रूखा था. वो लगातार अपने मोबाइल फोन पर लगी हुई थी. जब लाउंज से डिपार्चर गेट तक ले जाने का समय आया, तो वो वहां थी ही नहीं. उसने उनकी जगह एक पोर्टर (सामान उठाने वाला) भेज दिया. पोर्टर को भी कुछ पता नहीं था कि महिला स्टाफ कहां है.
अदनान सामी ने आगे बताया कि उन्हें एक बग्गी में बैठाकर गेट तक ले जाया गया, जहां पोर्टर को उस महिला स्टाफ को ढूंढना पड़ा. वो एक कोने में बैठी, फिर से अपने मोबाइल फोन पर चैट करने में बिजी थी और टोकने पर ही फोन रखा. अदनान सामी ने शिकायत की कि इतनी भीड़ होने के बावजूद उसे पता ही नहीं था कि फर्स्ट या बिजनेस क्लास सेक्शन में कैसे जाना है, जबकि वो सेक्शन पूरी तरह खाली था. उन्हें खुद ही रास्ता ढूंढना पड़ा. गेट पर इतनी भीड़ थी कि उसे संभालना मुश्किल हो रहा था, और ये सब इसलिए हुआ क्योंकि स्टाफ ने अपना काम ठीक से नहीं किया था. जब उसे दोबारा टोका गया, तो माफी मांगने की बजाय उसने बहस करने की कोशिश की, जिस पर उसे तुरंत चुप करा दिया गया. अदनान के अनुसार, उसका बर्ताव बेहद खराब और अनप्रोफेशनल था.
यह दूसरी बार है जब अदनान सामी को 'प्रणाम' (एयर इंडिया) से ऐसा खराब अनुभव मिला है. वो कहते हैं कि ये कंपनियां सर्विस के लिए पैसे लेती हैं और उनका रवैया ऐसा होता है जैसे उनका ही एकाधिकार हो. अदनान के हिसाब से, ये रवैया बेहद अहंकारी, परेशान करने वाला और अपमानजनक है. इस घटना से वो स्टाफ के बर्ताव से एक बार फिर बहुत निराश हुए हैं. उम्मीद है कि अगली बार वो शायद एयरपोर्ट पैदल ही निकल लें!
अदनान सामी का बॉलीवुड सफर और भारतीय नागरिकता
'कभी तो नजर मिलाओ' और 'तेरा चेहरा' जैसे गानों से जबरदस्त पॉपुलैरिटी बटोरने वाले अदनान सामी ने अपना बॉलीवुड करियर साल 2001 में फिल्म 'अजनबी' के गाने 'तू सिर्फ मेरा महबूब' से शुरू किया था. हाल ही में, उन्होंने बीते साल 2025 में फिल्म 'परम सुंदरी' के लिए 'भीगी साड़ी' गाना कंपोज किया था.
अदनान सामी का जन्म 15 अगस्त 1971 को इंग्लैंड के लंदन में हुआ था. उनकी परवरिश और पढ़ाई-लिखाई यूनाइटेड किंगडम में हुई. उनके पिता अरशद सामी खान एक पाकिस्तानी पश्तून थे, जबकि उनकी मां नौरीन खान जम्मू की रहने वाली भारतीय थीं. बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर दिलीप कुमार उनके पिता के चचेरे भाई थे. अदनान के पिता पाकिस्तान वायु सेना में पायलट थे, और बाद में वे नौकरशाह बने. उन्होंने 14 देशों में पाकिस्तान के राजदूत के रूप में भी काम किया. अदनान के परदादा के परदादा, जनरल अहमद जान अफगानिस्तान से थे और राजा अब्दुर रहमान खान के सैन्य सलाहकार थे.
अदनान सामी का पाकिस्तानी पासपोर्ट 26 मई 2015 को एक्सपायर हो गया था. उस समय उनके पास कनाडा की नागरिकता भी थी, और पाकिस्तान सरकार ने उनके पासपोर्ट को रिन्यू करने से इनकार कर दिया था. तब उन्होंने भारतीय नागरिकता के लिए गृह मंत्रालय में आवेदन किया. उन्होंने भारत में इतने साल बिताए थे कि वे भारतीय नागरिकता पाने के योग्य हो गए थे. दिसंबर 2015 के आखिर में, भारत के गृह मंत्रालय ने उन्हें भारतीय नागरिक का कानूनी दर्जा देने के उनके अनुरोध को मंजूरी दे दी, जो 1 जनवरी 2016 से लागू हुआ.
