MAD Indiaसंगीत, सितारे और पॉप कल्चर
मनोरंजन

सलमान खान से भिड़ेगा नेपाली सुपरस्टार, कौन है ये 'मातृभूमि' का हैंडसम विलेन?

via Instagram @anoopbikramshahiofficial

सलमान खान की अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि' का ट्रेलर आया है और उसमें देशभक्ति का जोश हाई दिख रहा है. ट्रेलर में भाईजान चीनी सेना से भिड़ते दिख रहे हैं, लेकिन उनकी टक्कर का जो हैंडसम मेजर सबका ध्यान खींच रहा है, वो कोई और नहीं, नेपाली सिनेमा के सुपरस्टार अनूप बिक्रम शाही हैं. जबसे अनूप की एक झलक ट्रेलर में दिखी है, इंटरनेट पर उनको खूब गूगल किया जा रहा है. भई, ये बंदा है कौन और कैसे सीधा सलमान खान से पंगा ले रहा है?

अनूप बिक्रम शाही भले ही हिंदी सिनेमा के लिए नया चेहरा हों, लेकिन नेपाली इंडस्ट्री में उनका नाम चलता है. लंबी कद-काठी, दमदार पर्सनैलिटी और स्क्रीन पर कमाल की प्रेजेंस के चलते अनूप ने वहां अपनी धाक जमाई है. उन्हें नेपाली फिल्मों का 'हैंडसम विलेन' भी कहा जाता है. काठमांडू में जन्मे अनूप ने बिना किसी गॉडफादर के मॉडलिंग से लेकर नेपाली फिल्मों तक का सफर तय किया है.

मॉडलिंग से ही उन्होंने अपने शोबिज करियर की शुरुआत की थी. साल 2013 में अनूप ने मैनहंट इंटरनेशनल नेपाल का खिताब जीता और फिर 2016 में चीन के शेनझेन में हुई मैनहंट इंटरनेशनल प्रतियोगिता में नेपाल का प्रतिनिधित्व किया, जहां उन्हें बेस्ट टीवी मॉडल का अवॉर्ड मिला. मॉडलिंग में धाक जमाने के बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया. अनूप ने 2013 में फिल्म 'सौर्य' से नेपाली फिल्मों में कदम रखा, लेकिन 2014 की फिल्म 'हसिया' ने उन्हें असली पहचान दिलाई. इसमें उनके नेगेटिव रोल को खूब पसंद किया गया था.

इसके बाद तो अनूप ने बैक टू बैक कई फिल्में कीं, जैसे बीर बिक्रम, किंग, क्री, लिली बिली, जय शंभू, पुरानो बुलेट, पासवर्ड, लक्षे और लप्पन छप्पन 2. नेपाली मूवी इंडस्ट्री में तो उन्हें 'मोस्ट स्टाइलिश एक्टर' का टैग भी मिल चुका है. कमाल की बात ये है कि अनूप हमेशा हीरो बनना चाहते थे, लेकिन उन्हें फेम विलेन बनकर मिला. टीवी इंडस्ट्री में भी उनका जलवा रहा है. नेपाली रियलिटी शो हिमालयन रोडीज में बतौर गैंग लीडर उनकी पर्सनैलिटी खूब जमी और उन्होंने अपनी एक अलग छाप छोड़ी. इतना ही नहीं, अनूप ने तो राजनीति में भी हाथ आजमाया है और 2022 में नेपाली कांग्रेस में शामिल हुए थे.

अब 'मातृभूमि' में मिला ये बड़ा मौका अनूप के हिंदी इंडस्ट्री में करियर की दिशा तय करेगा. फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया ने ट्रेलर लॉन्च के दौरान बताया कि अनूप के किरदार के लिए उन्होंने दुनिया भर के कलाकारों के ऑडिशन लिए थे और सैकड़ों कलाकारों में से अनूप को चुना गया. उनके लिए ये किसी सपने के सच होने जैसा है. अनूप खुद को सलमान खान का बहुत बड़ा फैन बताते हैं. ट्रेलर इवेंट में तो उन्होंने दबंग खान के पैर भी छुए थे, जिसका वीडियो खूब वायरल हुआ था.

अनूप अपनी पर्सनल लाइफ को प्राइवेट रखना पसंद करते हैं और विवादों से भी दूर ही रहते हैं. एक वक्त उनका नाम पूर्व मिस नेपाल और मॉडल मालिना जोशी के साथ जुड़ा था. दोनों ने फिल्म 'रानी' में साथ काम किया था और जानकारी के मुताबिक, दो साल बाद उनका रिश्ता खत्म हो गया था. अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी ये फिल्म 4 दिसंबर को रिलीज होगी. अब देखना ये है कि अनूप बिक्रम शाही, सलमान खान से भिड़ने के बाद बॉलीवुड में क्या कमाल दिखाते हैं!

सार्वजनिक स्रोतों, विकिपीडिया, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और टिकटॉक से जानकारी के साथ।

इस ख़बर का वीडियो देखें