'दिलवाली दिवाली' में कौन सा 'राज' खुलने वाला है? परिवार को नई 'विलायती' ज़िंदगी क्यों नहीं भायी?

5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली फिल्म 'दिलवाली दिवाली' मनोज पाहवा, नीलू कोहली और औरा भटनागर बादोनी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी है मुंबई के एक रिफ्यूजी कैंप में रहने वाले सिक्का परिवार की। परिवार के मुखिया, जिन्हें प्यार से गोगी बुलाया जाता है, अपनी पत्नी सुखमनी और बेटी माही के साथ एक ऐसे घर में रहते हैं जिसकी दीवारें सिर्फ ईंट-पत्थर की नहीं, बल्कि यादों और प्यार से बनी हैं। विभाजन के बाद जब गोगी के पिता मुंबई पहुंचे थे, तब उन्हें यह मकान आवंटित किया गया था। समय के साथ यह घर सिर्फ रहने की जगह नहीं रहा, बल्कि परिवार की यादों और आसपास के लोगों से बने रिश्तों का हिस्सा बन गया।
पर कहानी में ट्विस्ट आता है जब परिवार का बेटा अंश, जो नॉर्वे में रहता है, अपने परिवार के लिए एक आलीशान फ्लैट खरीदता है। वह चाहता था कि उसके माता-पिता और बहन बेहतर माहौल में रहें, इसलिए उसने उन्हें ऊंची इमारत की 27वीं मंजिल पर बने अपार्टमेंट का मालिक बना दिया। वहां पर्याप्त जगह है और आधुनिक सुविधाओं की कमी नहीं।
गोगी, सुखी और माही जब नए फ्लैट में रहने पहुंचे, तो जल्द ही उन्हें महसूस हुआ कि उनका असली घर तो पीछे छूट गया है। नई इमारत के पड़ोसी बिल्कुल अलग थे। रिफ्यूजी कैंप में तो हर कोई एक-दूसरे के घर आता-जाता था, सुख-दुख में साथ खड़ा रहता था। नई इमारत का माहौल उन्हें अलग-थलग महसूस कराने लगा। महज एक सप्ताह के भीतर, परिवार को समझ आ गया कि बड़े और महंगे अपार्टमेंट से ज्यादा उन्हें अपने पुराने घर का सुकून और अपनापन प्यारा है। फैसला हो गया – वापस अपने पुराने घोंसले में!
लेकिन असली ड्रामा तो अब शुरू होता है। अंश दिवाली मनाने मुंबई आ रहा है! और अब गोगी, सुखी और माही के सामने सबसे बड़ी चुनौती है – बेटे को कैसे बताएं कि उन्हें उसका खरीदा हुआ आलीशान फ्लैट पसंद नहीं आया और वे वापस अपने पुराने घर में रहने लगे हैं? तीनों की हिम्मत नहीं हुई सच बताने की। तो क्या किया जाए? ऐसे में वे फिर से 27वीं मंजिल वाले अपार्टमेंट में पहुंच जाते हैं।
वे अंश को यह दिखाने की तैयारी करते हैं कि वहाँ उनकी ज़िंदगी एकदम मस्त चल रही है। इतना ही नहीं, उन्होंने अंश को यह भी यकीन दिलाने की कोशिश की कि उनके नए पड़ोसियों से भी उनकी गहरी दोस्ती हो गई है। अब इस बनाई हुई कहानी को सच साबित करने के लिए परिवार को क्या-क्या पापड़ बेलने पड़ते हैं, और दिवाली के मौके पर यह झूठ किस तरह की परिस्थितियाँ पैदा करता है, यही है फिल्म 'दिलवाली दिवाली' की आगे की कहानी का आधार।
अब ये देखना मज़ेदार होगा कि अंश को सच्चाई पता चलेगी या नहीं, और अगर चलेगी तो क्या गोगी परिवार का 'दिवाली बम' फूटेगा?
