शरवरी वाघ ने मां की पुरानी पटोला साड़ी को दिया ऐसा मॉडर्न ट्विस्ट, दिवाली पर आप भी हो जाएंगी फैशनेबल!

बॉलीवुड एक्ट्रेस शरवरी वाघ, उन्होंने हाल ही में अपनी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के प्रमोशन के दौरान कुछ ऐसा किया जो खास रहा. उन्होंने अपनी मां की सालों पुरानी पटोला साड़ी को इस तरह स्टाइल किया कि वह किसी नए डिजाइनर आउटफिट से कम नहीं लग रही थी.
सच कहें तो, त्योहारों पर अक्सर हम नए कपड़े खरीदने की होड़ में लग जाते हैं, लेकिन शरवरी ने दिखा दिया कि कैसे अलमारी में रखी आपकी पुरानी साड़ी भी आपको सबसे अलग और नया लुक दे सकती है. बस उसे पहनने और स्टाइल करने का तरीका थोड़ा बदलना होगा. उनका यह लुक उन सभी लड़कियों के लिए परफेक्ट इंस्पिरेशन है जो इस दिवाली कुछ पारंपरिक तो पहनना चाहती हैं, लेकिन साथ ही अपने कपड़ों में एक मॉडर्न ट्विस्ट भी पसंद करती हैं.
मां की पुरानी पटोला साड़ी, एकदम नए स्वैग में
शरवरी ने जो साड़ी पहनी थी वो मैजेंटा और गहरे गुलाबी रंग की थी, जिस पर ट्रेडिशनल इकत पैटर्न साफ दिख रहा था. सबसे खास बात तो ये थी कि ये उनकी मां की थी! इस पुरानी साड़ी को एक नया जीवन देने के लिए इसमें सुनहरी कढ़ाई, एक शानदार सजावटी बॉर्डर और छोटे-छोटे शीशों का काम करवाया गया था. साड़ी का ये ट्रेडिशनल कलर और डिजाइन जब गोल्डन डिटेलिंग के साथ मिला तो उसने इसे एक परफेक्ट फेस्टिव लुक दे दिया. और स्टाइलिंग की बात करें तो, उन्होंने पल्लू को कमर के चारों ओर लपेटकर एक तरफ खुला रखा, जो इसे किसी भी आम साड़ी के ड्रेप से काफी अलग और ट्रेंडी बना रहा था. पुराना वाला स्वैग पूरा नया हो गया!
पर्पल कॉर्सेट ब्लाउज ने बदला पूरा गेम
अब आते हैं असली गेम चेंजर पर — ब्लाउज! शरवरी ने साड़ी के मैचिंग ब्लाउज के बजाय एक गहरा पर्पल कलर का स्ट्रैपलेस कॉर्सेट ब्लाउज चुना. इस ब्लाउज पर सुनहरी कढ़ाई, फूलों की आकृतियां, मोतियों और मेटैलिक डिटेलिंग का काम था, जो पूरे लुक को एक रॉयल और मॉडर्न टच दे रहा था. अगर आप भी अपनी मम्मी की पुरानी साड़ी को एकदम नया बनाना चाहती हैं, तो सच में कॉर्सेट, ऑफ शोल्डर या स्ट्रैपलेस ब्लाउज ट्राई करके देखो, पूरा अंदाज ही बदल जाएगा.
गोल्ड जूलरी से मिला रॉयल टच
पुरानी साड़ी को नया लुक देने में जूलरी का भी बड़ा हाथ होता है. शरवरी ने अपने लुक को पूरा करने के लिए गोल्ड जूलरी चुनी. उन्होंने चांद की शेप वाला एक हैवी नेकलेस, उससे मैचिंग ईयररिंग्स, स्टेटमेंट रिंग्स और गुलाबी चूड़ियां पहनी थीं, जो उनके पूरे लुक को एक रॉयल फील दे रही थीं. मेकअप को उन्होंने हल्का रखा और बालों को बीच की मांग निकालकर खुला छोड़ा.
दिवाली पर पुरानी साड़ी को पहनने के 5 नए तरीके, जो आपको बनाएंगी सेंटर ऑफ अट्रैक्शन
शरवरी के इस लुक से इंस्पिरेशन लेकर, हमने आपकी दिवाली के लिए कुछ धांसू स्टाइलिंग टिप्स निकाले हैं, ताकि आप भी अपनी पुरानी साड़ी को नया ट्विस्ट दे सकें:
- कॉर्सेट ब्लाउज का जलवा: अगर आपके पास मां की कोई बनारसी, पटोला या सिल्क साड़ी अलमारी में धूल फांक रही है? एक स्टाइलिश कॉर्सेट ब्लाउज सिलवाओ और देखो, कैसे वो ट्रेडिशनल साड़ी तुरंत रेड कार्पेट रेडी बन जाती है! ये आपकी पुरानी साड़ी को एक झटके में मॉडर्न बना देगा.
- पल्लू को दो नया मोड़: पल्लू को हर बार कंधे पर टिकाने की पुरानी आदत छोड़ो! शरवरी की तरह इसे कमर के चारों ओर लपेटो या एक फैशनेबल बेल्ट की मदद से अलग अंदाज में स्टाइल करो, बन गई ना हटके स्टाइल? थोड़ा सा चेंज, और पूरा लुक बदल जाएगा.
- कंट्रास्ट ब्लाउज से करो कमाल: मैचिंग-मैचिंग ब्लाउज का जमाना गया! अपनी साड़ी से बिल्कुल अलग रंग का ब्लाउज पहनो. सोचो गुलाबी साड़ी के साथ पर्पल या हरी के साथ गोल्डन, एकदम फैशनेबल और ट्रेंडी लगेगा. कौन कहेगा ये पुरानी साड़ी है!
- बेल्ट और मॉडर्न जूलरी करें स्टाइल: पुरानी साड़ी को नई चमक देनी है? एक कूल कमरबंद या डिजाइनर बेल्ट ऐड करो. इसके अलावा, चोकर, बड़े झुमके या स्टेटमेंट नेकलेस जैसी मॉडर्न जूलरी भूलना मत, क्योंकि ये ही तो हैं असली गेम चेंजर जो आपके लुक को कंप्लीट करेंगे.
- लहंगा या स्कर्ट की तरह पहनो: साड़ी को वही पुराने अंदाज़ में पहनकर बोर हो गए हो? इसे लहंगा स्टाइल में ड्रेप करो और ऊपर एक शॉर्ट कुर्ती, क्रॉप टॉप या लॉन्ग जैकेट पहनो. यकीन मानो, सब पूछेंगे, 'कहाँ से खरीदी ये ड्रेस?', और आप कहोगी, 'अपनी पुरानी वाली को ही नया बनाया है!'
तो इस दिवाली, पुरानी साड़ी को नया स्वैग देने के लिए तैयार हो ना?
