शरद कपूर की मदद को आगे आया AICWA: क्या अब 'जोश' एक्टर को मिलेगा काम?

बॉलीवुड की चमक-धमक के पीछे अक्सर एक कड़वी सच्चाई छुपी होती है और इस बार ये सामने आई है एक्टर शरद कपूर के एक वीडियो के ज़रिए. 'जोश' जैसी फ़िल्मों में काम कर चुके शरद का हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ, जिसे देखकर लोगों की आँखें नम हो गईं. बस फिर क्या था, 'ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन' (AICWA) ने बॉलीवुड और इंडियन सिनेमा से साफ़-साफ़ कह दिया कि शरद कपूर को उनका हक़ दो – उन्हें काम दो!
AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामला गुप्ता ने एक वीडियो शेयर करके सभी बड़े फिल्ममेकर्स और सेलेब्रिटीज़ से गुज़ारिश की है कि वे शरद कपूर को सपोर्ट करें और काम दिलवाएं. इंडस्ट्री की हालत पर बात करते हुए उन्होंने जो कहा, वो सोचने वाली बात है. सुरेश गुप्ता ने वीडियो में कहा, "वे अभी सिर्फ 50 साल के हैं। आज उन्हें हमारी जरूरत है। इस इंडस्ट्री का एक कड़वा सच यह है कि हो सकता है आज आपको कोई काम मिल जाए, लेकिन अगला काम 10 दिन बाद, 1 साल बाद, 2 साल बाद मिले या शायद कभी न मिले। यही सबसे बड़ा कड़वा सच है। यहां न तो काम की कोई गारंटी है और न ही जीवन की सुरक्षा की। इसलिए, सभी को शरद कपूर का समर्थन करना चाहिए। आज उन्हें सच में हमारी जरूरत है, और आपने भी इंडस्ट्री में अक्सर ऐसी स्थितियां देखी होंगी।"
उन्होंने आगे कहा कि आज कई एक्टर्स और वर्कर्स मुश्किल में हैं क्योंकि इंडस्ट्री बुरे दौर से गुज़र रही है, काम बहुत कम है और उनका भविष्य खतरे में है। इसलिए, उनके मुताबिक, शरद कपूर की मदद करना और उनके साथ खड़ा होना ज़रूरी है।
इस सब की शुरुआत हुई एक और वीडियो से, जिसमें शरद कपूर अपनी खराब सेहत के चलते अपने प्यारे कुत्तों को एक NGO को सौंपते हुए दिखे थे. ये वीडियो तेज़ी से वायरल हो गया और लोगों का दिल जीत लिया. इसके बाद, एक्ट्रेस जया भट्टाचार्य ने शरद कपूर से मुलाकात भी की और अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें खुद शरद कपूर ने CINTAA (सिंटा) से अच्छे काम की अपील की.
वीडियो में शरद कपूर ने कहा, "मैं CINTAA से अपील करना चाहता हूं कि मुझे अच्छे काम की तलाश है। मुझे आपके सहयोग की जरूरत है, और मुझे पता है कि आपने हमेशा अपने आस-पास के लोगों का साथ दिया है। मेरे लिए थोड़ा सा नैतिक समर्थन (moral support) भी काफी होगा। मैं एक बेहतरीन एक्टर हूं और आप यह जानते हैं। पैसे का कोई मसला नहीं है। बस बात इतनी है कि मैं फिर से काम शुरू करना चाहता हूं।" अब देखते हैं कि बॉलीवुड कब जागेगा और ऐसे टैलेंटेड एक्टर्स को कब काम मिलेगा. आखिर 'नैतिक समर्थन' से पेट तो नहीं भरता ना!
