पारिवारिक मनुरंजन रिव्यू: पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी की जोड़ी और कमजोर कहानी, सब मिलकर फीका रहा ये 'मनोरंजन'

'मिर्जापुर' में पंकज त्रिपाठी का भौकाल देखने के बाद पंकज त्रिपाठी को एक एकदम सीधे-सादे, जेंटलमैन वाले अंदाज में देखना, कुछ नया तो लगा! उनकी नई फिल्म 'पारिवारिक मनुरंजन' आ गई है, और टाइटल से ही समझ आता है कि ये एक फैमिली ड्रामा है जिसमें कॉमेडी और रोमांस का तड़का लगाया गया है। अदिति राव हैदरी और पंकज त्रिपाठी की ये लाइट हार्टेड फिल्म लखनऊ के दुबे निवास में सेट है, जहाँ इश्क, मोहल्ले की पंचायत और कॉमेडी का माहौल है। लेकिन क्या ये फिल्म वाकई दर्शकों का मनोरंजन कर पाई, या नाम के साथ न्याय नहीं हुआ?
कहानी में क्या है खास?
फिल्म की कहानी रंजन दुबे (पंकज त्रिपाठी) की है, जो लखनऊ में एक सरकारी बाबू हैं। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी अपनी तीन बहनों की शादी और उनकी जिम्मेदारियां निभाने में लगा दी। अब जब बहनें अपने ससुराल चली गईं, तो रंजन दुबे 40 साल के होकर भी कुंवारे रह गए और घर में अकेले पड़ गए। उनकी शादी कराने की कई कोशिशें हुईं, लेकिन हाई-फाई लड़कियों के टशन के आगे उनकी दाल नहीं गली। इस अकेलेपन की वजह से उनका लखनऊ का पुश्तैनी घर भी कबाड़ बनता जा रहा था। अपनी इस थकी-हारी जिंदगी और घर को ठीक करने के लिए उन्होंने एक हाउसकीपर का विज्ञापन दिया।
और फिर रंजन की जिंदगी में एक तूफान की तरह एंट्री होती है हेलेन उर्फ मनु (अदिति राव हैदरी) की, जो उनके घर में फुल टाइम हाउसकीपिंग का काम करने आती है। हेलेन के आने से रंजन की नीरस जिंदगी में खूबसूरत रंग भर गए। धीरे-धीरे, रंजन को हेलेन से प्यार होने लगा। लेकिन सवाल ये है कि क्या समाज और उनकी बहनें रंजन का अपनी हाउसमेड से प्यार करना स्वीकार करेंगी? क्या उम्र के इस पड़ाव पर भी रंजन अकेले ही रह जाएंगे? और क्या हेलेन वाकई सिर्फ एक मेड है, या उसके हाउसकीपिंग के पीछे कोई गहरा राज छिपा है? इन सभी सवालों के जवाब के लिए आपको फिल्म देखनी पड़ेगी।
बेमेल जोड़ी और फीकी केमिस्ट्री
पंकज त्रिपाठी जब भी स्क्रीन पर आते हैं, वो अपनी छाप छोड़ जाते हैं। रंजन दुबे के रोल में उनकी एक्टिंग में कमाल का ठहराव दिखा, और एक सीधे-सादे सरकारी बाबू के रूप में वो खूब जंचे। अदिति राव हैदरी अपनी खूबसूरती से तो दर्शकों को बांधे रखती हैं, लेकिन कुछ सीन्स में उनका अभिनय थोड़ा कमजोर लगा। फिल्म की सबसे बड़ी कमी, और शायद सबसे ज्यादा निराश करने वाली बात, पंकज और अदिति की बेमेल जोड़ी है। मेकर्स उनके रोमांस को पर्दे पर ठीक से नहीं उतार पाए, और उनके इमोशंस की गहराई भी कहीं नजर नहीं आई। उनकी केमिस्ट्री इतनी फीकी लगी कि उनका रोमांस दिल को छू ही नहीं पाया। बृजेंद्र काला और सुनीता राजवर ने अपने छोटे-मोटे रोल को बखूबी निभाया, लेकिन उन्हें ज्यादा कुछ करने का मौका ही नहीं मिला। ऐसा लगा जैसे मेकर्स ने उनकी कास्टिंग को यूं ही वेस्ट कर दिया।
वही पुरानी कहानी और हल्के मुद्दे
डायरेक्टर वरुण वी. शर्मा की कहानी में कुछ भी नया नहीं था, ऐसा लगता है कि उन्होंने नए कलाकारों के साथ घिसे-पिटे एंगल पर ही एक फिल्म बना दी। फिल्म में कई गंभीर मुद्दों जैसे महिला तस्करी, कामकाजी महिलाओं के प्रति समाज की दकियानूसी सोच और उन्हें लोगों की गंदी नजरों का सामना करना पड़ता है, इन सब को हवा-हवाई तरीके से छूकर छोड़ दिया गया। इन पर गहराई से कोई बात नहीं हुई, जिससे ये मुद्दे सिर्फ एक खानापूर्ति बनकर रह गए। हेलेन की बैकस्टोरी, जो फिल्म का एक अहम ट्विस्ट है, उसे भी मेकर्स ने बड़े हल्के-फुल्के अंदाज में दिखाया, जिससे उसमें इमोशन का कोई नामोनिशान नहीं दिखा। कुल मिलाकर, फिल्म न तो पूरी तरह से हंसा पाई, न रुला पाई, और न ही उसका रोमांस दर्शकों के दिलों में उतर पाया। अगर कहानी में इमोशन का तड़का लगता और स्टोरी को और मजबूती से लिखा जाता, तो शायद मजा कुछ और ही होता।
तो देखें या न देखें?
तो अगर आप सिर्फ एक हल्की-फुल्की, क्लीन रोमांटिक फिल्म देखना चाहते हैं, तो 'पारिवारिक मनुरंजन' एक बार देखी जा सकती है। अगर आप पंकज त्रिपाठी के डाई-हार्ड फैन हैं, तो भी उन्हें इस नए अवतार में देखने के लिए फिल्म को एक चांस दिया जा सकता है। लेकिन अगर आप माइंड ब्लोइंग ट्विस्ट या लोटपोट करने वाली कॉमेडी की उम्मीद करेंगे, तो फिर आपको निराशा ही हाथ लगेगी। ये फिल्म मनोरंजन के नाम पर बस एक औसत कोशिश लगती है। क्या बॉलीवुड को अब थोड़ी नई कहानियों पर फोकस नहीं करना चाहिए, जो हमें सच में 'मनोरंजन' दे सकें?
