'रामायण' के वो एक्टर, जिसने एक-दो नहीं, पूरे 11 किरदार निभाए! आज कर रहे हैं ये काम

रामानंद सागर की ऐतिहासिक धारावाहिक 'रामायण' को भारतीय टेलीविजन का मील का पत्थर माना जाता है और आज भी उसकी भव्यता और सादगी दर्शकों के दिलों में बसती है. इस शो को यादगार बनाने वाले कलाकारों में से एक नाम असलम खान का भी है, जिन्होंने एक, दो नहीं, बल्कि पूरे 11 अलग-अलग किरदार निभाए थे.
उस दौर में कम बजट और प्रोडक्शन की चुनौतियों के चलते मेकर्स अक्सर एक ही कलाकार से कई रोल करवाते थे. असलम खान ने भी अपनी बहुमुखी प्रतिभा का पूरा इस्तेमाल किया. उन्होंने समुद्र देव, संत तुकाराम, संत एकनाथ, राक्षस, सुग्रीव के जासूस, वानर सेना के सैनिक और निषादराज के सेनापति जैसे कई महत्वपूर्ण रोल निभाए. इतना ही नहीं, मुख्य अभिनेता अरुण गोविल की अनुपस्थिति में कई बार राम के लॉन्ग शॉट्स में भी असलम खान ही नज़र आते थे. यानी सोचो, एक बंदे में इतनी versatility कि राम भी बन जाए और राक्षस भी!
असलम खान ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि वो 'समुद्र देव' की भूमिका के लिए पहली पसंद नहीं थे. दरअसल, जिस कलाकार को यह रोल मिला था, उसने ऐन मौके पर मना कर दिया और ऐसे असलम को यह मौका मिल गया. उन्होंने इस अवसर को भुनाया और अपने काम के प्रति समर्पण दिखाया. उनके इसी डेडिकेशन से रामानंद सागर इतने प्रभावित हुए कि उन्हें अपने दूसरे शोज जैसे 'अलिफ लैला', 'श्रीकृष्णा', 'सूर्यपुत्र कर्ण' और 'हवाएं' में भी काम करने का मौका दिया.
हालांकि, लगातार काम करने के बावजूद असलम खान को एंटरटेनमेंट जगत में वो पहचान या सफलता नहीं मिली जिसकी उन्हें उम्मीद थी. धीरे-धीरे उन्हें मिलने वाले काम में कमी आती गई, जिससे तंग आकर उन्होंने साल 2002 में एक्टिंग की दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया.
आज असलम खान ग्लैमर की चकाचौंध से दूर एक साधारण जीवन जी रहे हैं. वह उत्तर प्रदेश के झांसी में मार्केटिंग के क्षेत्र में नौकरी कर रहे हैं और इसी के जरिए अपने परिवार और दो बच्चों का भरण-पोषण कर रहे हैं. भले ही आज वह एक्टिंग से दूर हैं, लेकिन 'रामायण' में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता. उनकी कहानी इस बात की मिसाल है कि परिस्थितियां चाहे जो भी हों, खुद को ढालना ज़रूरी है. आखिर कब तक एक ही तरह के किरदार निभाओगे, है ना?
