MAD Indiaसंगीत, सितारे और पॉप कल्चर
मनोरंजन

पीयूष मिश्रा के 10 धांसू लाइफ लेसन: 'आगे बढ़ना है तो मोह छोड़ना पड़ेगा, मां की रोटी का मोह भी छोड़ना होगा!'

पीयूष मिश्रा, एक भारतीय अभिनेता, गायक, गीतकार, नाटककार, संगीतकार और पटकथा लेखक हैं, जिन्हें उनके अद्वितीय कलात्मक योगदानों के लिए जाना जाता है। उन्होंने कई फिल्मों में काम किया है, लेकिन ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ में नासिर का उनका किरदार आज भी फैंस के दिलों में बसा हुआ है, खासकर वो सीन जहां नासिर रात में खुद को बेल्ट मार रहा होता है। अभिनय के अलावा, मिश्रा ने ‘इक बगल में चांद होगा’ जैसे गाने भी लिखे और फिल्म के डायलॉग्स पर भी खूब मेहनत की।

लेकिन उनके आज के चमचमाते करियर से पहले, मिश्रा एक अंधेरे दौर से भी गुजरे हैं। 1986 में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से ग्रेजुएशन करने के बाद, उन्होंने लगभग बीस साल तक शराब की लत से संघर्ष किया। आखिर में 2005 में उन्होंने इस आदत पर काबू पाया और अपनी जिंदगी को दोबारा संभाल लिया। अपनी कविताओं, बयानों और गीतों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले पीयूष की कही बातें और उनके विचार कई लोगों के लिए प्रेरणा से कम नहीं हैं।

आगे बढ़ना है तो मोह छोड़ो, नामुमकिन को मुमकिन बनाओ

पीयूष मिश्रा का कहना है, "जब कर लोगे तो पता लगेगा, आपने नामुमकिन काम किया है!" एक कार्यक्रम में उन्होंने अपनी कविता के जरिए लोगों को प्रोत्साहित करते हुए बताया कि समझदार लोग तो ये सोचते रह गए कि क्या ये मुमकिन है, और मूर्ख ने तिनका-तिनका जोड़कर उसे कर गुजरा। बाद में किसी ने उसे बताया कि उसने जो किया वो नामुमकिन था! बिल्कुल सही बात! हम अक्सर दिमाग लगाते रह जाते हैं कि कोई काम होगा या नहीं, और कोई दूसरा चुपचाप उसे करके निकल जाता है। तो अब दिमाग कम, हिम्मत ज्यादा लगाओ और गेम ऑन!

आगे बढ़ने के लिए मोह छोड़ना भी बहुत जरूरी है। पीयूष कहते हैं, "अगर कुछ बनना है, तो मोह छोड़ो कि मां के हाथ की रोटी, मां के हाथ की चटनी। जब शाम को घर आओगे तो छत ढूंढोगे, फिर जब मां के हाथ की रोटी नहीं मिलेगी तो खुद बनानी पड़ेगी। जुगाड़ करना पड़ेगा कही से।" उनका कहना है, "मुझे मेरा शहर बहुत पसंद है, लेकिन मुझे ये मालूम था कि मुझे अगर आगे बढ़ना है तो ये सब मोह छोड़ना पड़ेगा।" ये तो हर उस बंदे की कहानी है जो गांव-शहर छोड़कर बड़े सपने देखने आया है। मां के हाथ की रोटी याद आती है, पर पेट तो खुद ही भरना पड़ता है। जुगाड़ू बनना ही पड़ता है बॉस!

कर्म करते रहो और खुद को रीइन्वेंट करते जाओ

पीयूष का मानना है कि बिना काम के आदमी लाश समान होता है, चाहे कितना भी पैसा या सम्मान मिल जाए, क्योंकि कर्म करते रहने से ही कोई लक्ष्य मिलता है। पैसा और नाम आ जाए, फिर भी काम करते रहो, क्योंकि असली मज़ा तो प्रोसेस में है। वर्ना आराम-आराम में ही दिमाग को जंग लग जाती है।

खुद को लगातार अपडेट करते रहना भी उतना ही जरूरी है। पीयूष का मानना है कि इंसान को खुद को रीइनवेंट करना जरूरी है, जीवन में थ्रिल होना चाहिए और खुद को रोज पाना भी बहुत जरूरी होता है। क्या बात है! खुद को अपडेट करते रहना चाहिए, नहीं तो वही पुराना ऑपरेटिंग सिस्टम लेकर कहां तक चलेंगे? और उनके मुताबिक जीवन में अकेले होना तोहफा और अकेलापन होना श्रॉप है। इसका मतलब, अकेले रहना सीखो यार, तभी पता चलेगा तुम में कितना दम है। अकेलापन बुरा है, पर अकेला होना नहीं!

जब माफी मांगो, तब असली इंकलाब भीतर होता है

पीयूष मिश्रा की एक और सीख है कि माफी मांगकर आप मुक्त हो जाते हैं। जिसका दिल दुखाया हो, उससे एक बार जाकर माफी मांगो, तो अंदर से हल्का महसूस होता है और धीमे-धीमे सिर से बोझ उतर जाता है। ये बात सौ टका सच है। माफी मांगने से कोई छोटा नहीं होता, बल्कि मन का बोझ हल्का हो जाता है। ट्राइ करके देखो!

पीयूष कहते हैं कि असली बदलाव खुद से शुरू होता है, इसलिए समाज को बदलने की सोचने से पहले खुद को बदलिए। समाज सुधारक बनने से पहले खुद के गिरेबान में झांको। पहले खुद को सेट करो, फिर दुनिया को ज्ञान देना! NBT से बातचीत में पीयूष ने कहा कि उन्हें पहले लगता था कि बाहर जाओ, नारा लगाओ, इंकलाब लगाओ, पर अब लगता है कि "असली इंकलाब यानि क्रांति आपके भीतर होती है।" लाउडस्पीकर पर चिल्लाने से क्या होगा, जब तक अंदर से बदलाव की आग न हो? असली क्रांति तो दिमाग में चलती है!

तकलीफें उठाओ, क्योंकि यही असली इश्क है

पीयूष का कहना है कि जिंदगी में कुछ करना है तो तकलीफें उठाइए, क्योंकि सब कुछ सही उन्हीं के जीवन में चलता है जो नॉर्मल जीवन जीना चाहते हैं। दर्द से डील करना सीखोगे तो उससे सुख मिलेगा। कंफर्ट ज़ोन से बाहर निकलो मेरे दोस्त! दर्द से दोस्ती करोगे तभी तो कुछ बड़ा कर पाओगे। वर्ना तो दाल-रोटी में ही खुश रहो।

पीयूष मिश्रा की एक शायरी है: "वो काम भला क्या काम हुआ, जिसमें ना जान रगड़ती हो और वो इश्क भला क्या इश्क हुआ, जिसमें ना बात बिगड़ती हो।" ओहो! ये तो सीधा दिल पर लगी! बिना पैशन के काम, और बिना झगड़े का प्यार... क्या ही मज़ा है उसमें? मतलब थोड़ा ड्रामा तो बनता है बॉस!

और प्यार की बात करें तो लल्लनटॉप पर बातचीत के दौरान पीयूष अपने पहले प्यार को याद करके भावुक हो गए थे। यह कोई मोटिवेशन नहीं, बल्कि उनके ‘पहले प्यार’ की लॉयल्टी थी। जिसमें उनका कहना था कि "मैं बूढ़ा हो जाउ, लेकिन मेरा इश्का जवां रहना चाहिए।" पीयूष सर की ये लाइन सुनके तो हर आशिक बोल उठेगा, "हाँ यार! प्यार कभी बूढ़ा नहीं होना चाहिए।" क्या आपकी ज़िंदगी में भी कोई ऐसा है, जिसके लिए आप यही फील करते हो?

पीयूष मिश्रा का असली नाम प्रियकांत शर्मा हुआ करता था, जिसे उन्होंने 15 साल की उम्र में कानूनी रूप से बदलकर पीयूष मिश्रा कर दिया था।

सार्वजनिक स्रोतों, विकिपीडिया, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और टिकटॉक से जानकारी के साथ।

इस ख़बर का वीडियो देखें