अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' पर प्रॉपर्टी विवाद में नया मोड़: भाभी ने जया बच्चन के नाम ट्रांसफर पर उठाए सवाल!

बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन का मुंबई स्थित बंगला 'जलसा' इन दिनों सुर्खियों में है. कुछ दिन पहले बम से उड़ाने की धमकियों के बाद अब ये बंगला प्रॉपर्टी विवाद में फंस गया है. इस बार विवाद परिवार के अंदर से ही उठा है, जहां अमिताभ बच्चन के भाई अजिताभ की पत्नी रमोला बच्चन ने बंगले के मालिकाना हक को लेकर बंगला जया बच्चन के नाम ट्रांसफर होने पर सवाल उठाए हैं.
रमोला बच्चन का दावा है कि 'जलसा' पहले उनके नाम पर रजिस्टर्ड था. लेकिन 1993 में एक 'गिफ्ट डीड' के ज़रिए इसका मालिकाना हक जया बच्चन के नाम कर दिया गया. रमोला ने पिछले सात महीनों में रजिस्ट्रार ऑफिस में कई बार शिकायत दर्ज कराई है. उनका साफ-साफ कहना है कि उन्हें इस ट्रांसफर के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और न ही उन्होंने इसके लिए अपनी सहमति दी थी.
मामला और पेचीदा तब हो जाता है जब हम रिकॉर्ड्स की तरफ देखते हैं. कपोल हाउसिंग सोसाइटी के रिकॉर्ड में तो जया बच्चन को ही बंगले का मालिक दिखाया गया है, पर महाराष्ट्र सरकार के प्रॉपर्टी कार्ड में अभी भी रमोला बच्चन का नाम ही दर्ज है. ये विवाद तब सामने आया जब सरकारी रिकॉर्ड से रमोला का नाम हटाकर जया बच्चन का नाम चढ़ाने की कोशिशें हुईं. यानी सोसाइटी और सरकारी रिकॉर्ड में अलग-अलग नाम दर्ज हैं.
रमोला ने सिर्फ मालिकाना हक के ट्रांसफर पर ही नहीं, बल्कि उस पूरी प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं जिसके तहत 1993 की वो 'गिफ्ट डीड' तैयार की गई थी. उनकी शिकायत के मुताबिक, ये डॉक्यूमेंट सादे कागज पर बना था, उस पर कोई स्टांप ड्यूटी भी नहीं चुकाई गई थी और तो और, गवाहों के दस्तखत तक नहीं थे! रमोला ने इस डॉक्यूमेंट के रजिस्ट्रेशन और महाराष्ट्र सरकार की 'अभय योजना' के तहत इसे रेगुलर किए जाने पर भी सवाल खड़े किए हैं.
अंधेरी के डिप्टी रजिस्ट्रार ऑफ को-ऑपरेटिव सोसाइटीज के अधिकारी फैज़ मुलानी ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया है कि मामले की सुनवाई शुरू हो चुकी है और दोनों संबंधित पक्षों को अपना जवाब दाखिल करने के लिए कहा गया है. फिलहाल, अथॉरिटी ने 1993 की गिफ्ट डीड की वैलिडिटी या बंगले के असली मालिक को लेकर कोई फाइनल फैसला नहीं सुनाया है.
