पाकिस्तान ने फिर की नकल, समय रैना के 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को भी नहीं छोड़ा!

भारत और पाकिस्तान के बीच सरहदें भले ही बंटी हों, लेकिन एंटरटेनमेंट की दुनिया में एक-दूसरे के कंटेंट से इंस्पिरेशन लेना पुराना खेल है. हालांकि, पाकिस्तान में इंडियन फिल्मों और टीवी शोज की नकल के इतने उदाहरण सामने आ चुके हैं कि अब तो बस एक ही सवाल उठता है – अपना ओरिजिनल आइडिया लाने में आखिर इतनी दिक्कत क्यों है? अब इस लिस्ट में कॉमेडियन समय रैना के पॉपुलर शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' का नाम भी जुड़ गया है.
समय रैना का शो और 'नई' कॉपी
समय रैना का 'इंडियाज गॉट लेटेंट' अपने अनोखे कॉन्सेप्ट, बेबाक कॉमेडी और कंटेस्टेंट्स के अतरंगी टैलेंट की वजह से काफी चर्चा में रहा था. शो में कंटेस्टेंट्स को जज करने के साथ-साथ तीखे रोस्ट और मज़ेदार मजाक का खूब तड़का लगाया जाता था. अब इसी फॉर्मेट से मिलता-जुलता एक पाकिस्तानी शो सामने आया है, जिसका नाम है 'पाकिस्तान्स गॉट लेटेंट'. नाम और अंदाज़ देखकर तो यही लगता है कि पड़ोसी मुल्क को भी समय रैना के इस 'एक्सपेरिमेंट' में कुछ ख़ास बात नज़र आ गई.
'पाकिस्तान्स गॉट लेटेंट' के नए सीज़न का ऐलान किया गया है, जिसमें शरहबिल सिद्दीकी और उस्मान मजहर जैसे कॉमेडियन और एंटरटेनर नज़र आने वाले हैं. इसके पैनल में मुज्जमिल मेसिया और मैथिरा के नाम भी शामिल हैं. शकील और राउफ लाला जैसे कलाकार भी इसमें दिखाई देंगे, जो राखी सावंत के साथ एक प्रोमो वीडियो बनाते दिखे हैं. अब सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी दर्शक भी इस शो की तुलना समय रैना के 'इंडियाज गॉट लेटेंट' से कर रहे हैं. कई यूज़र्स तो इसकी ओरिजिनैलिटी पर सवाल उठाते हुए मेकर्स को सलाह भी दे रहे हैं कि "कुछ तो अपना लेकर आओ भाई."
नकलची पाकिस्तान की लंबी लिस्ट
पाकिस्तान में नकल करने का ये कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी वहां इंडियन फिल्मों और टीवी शोज की कहानियों को उठाकर नए नाम से पेश करने के आरोप लगते रहे हैं. इस लिस्ट में सबसे मज़ेदार नाम है पॉपुलर इंडियन सिट कॉम 'साराभाई वर्सेज साराभाई' का. इस मशहूर कॉमेडी शो से मिलता-जुलता पाकिस्तानी शो 'चना जोर गरम' बनाया गया था. इस शो में भी बिल्कुल 'साराभाई' की तरह ही एक अमीर सास और मिडिल क्लास बहू के बीच की नोकझोंक दिखाई गई थी. यहां तक कि 'साराभाई' के रोशेष जैसा एक किरदार भी इसमें था, जो शेर-ओ-शायरी करता था. इस अनऑफिशियल कॉपी पर इंडियन शो के मेकर्स और कलाकारों ने तब अपनी नाराज़गी भी जताई थी.
सिर्फ कॉमेडी शो ही नहीं, बॉलीवुड की फिल्मों की कहानियों को भी खूब कॉपी किया गया है. पाकिस्तानी ड्रामा 'मोहब्बत तुझे अलविदा' की कहानी श्रीदेवी की फिल्म 'जुदाई' से मिलती-जुलती बताई गई थी. फिल्म 'जुदाई' में एक महिला पैसों के लालच में अपने पति को एक अमीर महिला के हाथों बेच देती है, और पाकिस्तानी ड्रामे में भी कुछ इसी तरह की कहानी देखने को मिली थी. वहीं, महेश भट्ट की 1982 में आई फिल्म 'अर्थ' से प्रेरित होकर पाकिस्तानी फिल्म 'अर्थ: द डेस्टिनेशन' बनाई गई थी. हालांकि, इसके डायरेक्टर शान शाहिद ने महेश भट्ट को इसका क्रेडिट दिया था और फिल्म को आधिकारिक रीमेक के तौर पर पेश किया था, जो कि एक अपवाद है. इसके अलावा, आमिर खान और मनीषा कोइराला की फिल्म 'अकेले हम अकेले तुम' से मिलती-जुलती कहानी पाकिस्तानी ड्रामा 'कोई नहीं अपना' में भी देखने को मिली. वहीं सनी देओल और मीनाक्षी शेषाद्रि की फिल्म 'दामिनी' से पाकिस्तानी ड्रामा 'चीख' की कहानी में भी गहरी समानताएं बताई गईं. 'दामिनी' में एक महिला अपने करीबी के साथ हुए अपराध के खिलाफ इंसाफ के लिए लड़ती है और ताकतवर परिवारों के विरोध का सामना करती है.
समय के शो को पहले भी किया गया कॉपी
दिलचस्प बात यह है कि समय रैना के शो की नकल का मामला इससे पहले भी सामने आ चुका है. साल 2024 में 'टैलेंट गॉट पाकिस्तान' नाम का एक और शो चर्चा में आया था. इसका फॉर्मेट भी 'इंडियाज गॉट लेटेंट' जैसा ही बताया गया था. उस शो का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसमें एक कंटेस्टेंट ने आयोजकों की जमकर खिंचाई की थी. दरअसल, कंटेस्टेंट ने शो में मिलने वाली प्राइज़ मनी के बारे में पूछा था. जब उसे पता चला कि जीतने पर कोई इनामी रकम नहीं मिलेगी, तो उसने जजों से सीधा सवाल दाग दिया, "समय को कॉपी कर रहे हो तो प्राइज़ मनी भी कॉपी कर लेते ना?" इस पर जज ने जो जवाब दिया, उसने सोशल मीडिया पर और मज़े लेने का मौका दे दिया. जज का जवाब था, "इंडिया की इकोनॉमी देख." अब 'पाकिस्तान्स गॉट लेटेंट' के नए सीज़न के ऐलान के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर इसी तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
ओरिजिनल आइडिया आखिर कब?
जब हर बार भारतीय शोज और फिल्मों से मिलते-जुलते कॉन्सेप्ट ही सामने आ रहे हैं, तो पाकिस्तान के मेकर्स अपने दर्शकों के लिए कोई नया और ओरिजिनल आइडिया क्यों नहीं लेकर आते? क्या उन्हें लगता है कि बस नाम और पैनल बदल देने से कोई शो 'नया' बन जाता है? या फिर उन्हें लगता है कि 'ओरिजिनैलिटी' जैसी कोई चीज़ होती ही नहीं? पब्लिक को भी सब पता चलता है बॉस, ऐसा नहीं है कि कुछ भी बनाओ और सब 'लेटेंट' होकर देख लेंगे!
अब देखना ये है कि यह 'नई' नकल कितने दिन चलती है, या फिर पाकिस्तानी दर्शकों को फिर से किसी नए 'ओरिजिनल' शो की 'कॉपी' का इंतज़ार करना पड़ेगा?
