बेटी के 'चेस्ट' पर सेंकने की सलाह! सोनारिका भदौरिया ने लोगों की ओछी सोच की खोली पोल

टीवी सीरियलों की दुनिया में जिस तरह भगवान राम के रोल में अरुण गोविल और मां सीता के रोल में दीपिका चिखलिया को लोग पसंद करते हैं, ठीक उसी तरह 'देवों के देव महादेव' में पार्वती बनीं सोनारिका भदौरिया को कई लोग टेलीविजन की सबसे खूबसूरत पार्वती मानते हैं। मोहित रैना के साथ इस शो में पार्वती की भूमिका ने सोनारिका को घर-घर में मशहूर कर दिया था। अब सोनारिका अपने ताज़ा इंटरव्यू को लेकर सुर्खियों में हैं, जहाँ उन्होंने अपनी डिलीवरी से लेकर अपनी बेटी वेदिका से जुड़ी कई हैरान कर देने वाली बातें बताई हैं।
सोनारिका ने हॉटरफ्लाई से बातचीत में डिलीवरी से जुड़े कई किस्से सुनाए। उन्होंने बताया कि हर कोई सबसे पहले यही पूछता है कि नॉर्मल डिलीवरी हुई या सी-सेक्शन। समाज की इस सोच पर सवाल उठाते हुए सोनारिका ने कहा कि अगर आपकी वजाइनल डिलीवरी है तो आपको 'सबसे बड़ी सुपरहीरो' मान लिया जाता है, पर "क्या फर्क पड़ता है।"
डिलीवरी का तरीका, समाज की 'हीरोपंती'?
एक्ट्रेस ने इस बात पर जोर दिया कि, "क्या फर्क पड़ता है। एक मां जिसका सी सेक्शन हुआ है, क्या उसने 9 महीने बच्चा पेट में नहीं रखा? क्या वो हॉर्मोनल चेंजेज से नहीं गुजरीं, जिससे महिलाएं गुजरती हैं?" सोनारिका ने अपनी डिलीवरी का एक इमोशनल पल भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि उनके 'फाइनल पुश' से ठीक पहले उन्हें लगा कि वह खत्म हो गई हैं। उन्हें कुछ सेकंड के लिए लगा कि वह मर गईं। इस दौरान उनके दिमाग में आया कि बच्चे का ध्यान कौन रखेगा और क्या वह पति को अलविदा भी कह पाएंगी। सोनारिका ने साफ किया कि वह मज़ाक नहीं कर रही थीं, उन्हें सच में लगा था जैसे वह खत्म हो गई हैं।
सोनारिका ने बताया कि उनके पति हरियाणा के फरीदाबाद से हैं और वहाँ डिलीवरी को लेकर कुछ अजीब धारणाएं हैं। उन्होंने कहा कि उनके पतले शरीर के कारण उनके पति के घरवाले अक्सर कहते थे, "ये नॉर्मल डिलीवरी कर लेगी? नहीं नहीं..हो ही नहीं सकता। ये खाती-पीती क्या है, ये तो घासफूस पर रहती है।" इसके बाद जब उनकी डिलीवरी हो गई, तब भी लोगों को दिक्कत थी।
बच्चे के वजन से माँ के 'दूध' तक: हर बात पर कमेंट्री!
सोनारिका ने बच्चे के वजन और ब्रेस्टफीडिंग को लेकर भी लोगों की सोच का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि लोग उनकी बेटी वेदिका को उठाकर कहते थे, "ओह बच्ची में तो वजन ही नहीं है, मां ही कुछ खाती-पीती नहीं है, दूध फूलने वाला नहीं है।" इस पर सोनारिका ने हैरानी जताते हुए पूछा, "तो ये दूध फूलने वाला नहीं का क्या मतलब है।" पर, जब वेदिका थोड़ी 'चबी' हो गईं, तो उन्हीं लोगों के सुर बदल गए।
सोनारिका ने यह भी बताया कि वहाँ बहुत सारी महिलाएं थीं जो सिर्फ इस बात के लिए तारीफ कर रही थीं कि उनके पास किस क्वॉलिटी का दूध है। उनका कहना है कि पढ़े-लिखे हों या अनपढ़, इतनी बेसिक चीज तो समझनी चाहिए। ये सब सुनकर लगता है कि समाज को दूसरों की निजी ज़िंदगी में तांक-झांक करने के लिए बस एक बहाना चाहिए।
बेटी के 'चेस्ट' को लेकर मिली ये सलाह तो हद ही कर दी!
सोनारिका ने अपनी बेटी के शरीर से जुड़ी एक बेहद ही अजीब और परेशान करने वाली सलाह का भी ज़िक्र किया। उन्होंने बताया कि वह हमेशा से ही 'हेवी चेस्ट' वाली लड़की रही हैं और इस बात को लेकर बहुत कॉन्शियस रहती हैं। जहाँ भी वह जाती हैं, लोग उनके 'क्लीवेज' पर ध्यान देते हैं, जबकि वह सिर्फ अपने लिए अच्छे से ड्रेसअप होना चाहती हैं, कुछ दिखाना नहीं।
इसी बातचीत को आगे बढ़ाते हुए सोनारिका ने कहा कि सोचिए, उनकी बेटी वेदिका जो अभी बहुत 'चुन्नू सी' है, उसे लेकर कैसी सलाह मिली! उन्होंने बताया कि बच्चों की मालिश के दौरान 'आंटीज़' जैसी महिलाएं कैजुअली कहने लगीं, "थोड़ी सी बड़ी होगी न तो इसके चेस्ट पर सेंक कर देना ताकि उसकी चेस्ट ज्यादा बड़े न हों, फूले नहीं।" यह सुनकर सोनारिका का क्या रिएक्शन था? उन्होंने कहा, "मैं कुछ बोली ही नहीं, मैंने अपनी बेटी ली और उठकर वहाँ से चली गई।" उन्होंने यह भी बताया कि मालिश वाली भी आकर कहती है कि 'चेस्ट' को 'ऐसे-ऐसे मसाज करो' या 'ज्यादा मत मसाज करो' या 'निपल को ऐसे-ऐसे बच्चे के...', यह सब एक छोटे से 10 महीने के बच्चे के लिए है!
इतना ही नहीं, कुछ नैनी ने उनसे पूछा, "अरे मैम, आप अपना दूध पिलाते हो?" जब सोनारिका ने पलटकर पूछा, "फिर किसका दूध पिलाऊंगी?" तो उनका जवाब था, "नहीं, नहीं हमलोगों की दूसरी दीदी लोग है न वो फिगर खराब होगा इसलिए नहीं पिलाती।" अब आप ही बताइए, जब लोग इस तरह की बातें करेंगे तो किस माँ का पारा नहीं चढ़ेगा?
