ऐश्वर्या राय की फ्लॉप फिल्म का वो गाना, जिस पर आज भी झूमती है Gen-Z

ऐश्वर्या राय ने भले ही 23 साल पहले अपने करियर की एक बड़ी फ्लॉप फिल्म दी हो, लेकिन उनकी उस फिल्म का एक गाना ऐसा था जो आज भी पार्टी एंथम बना हुआ है! हम बात कर रहे हैं साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म 'दिल का रिश्ता' के गाने 'दैया-दैया रे' की। ये वो गाना है जिस पर आज की Gen-Z भी खूब थिरकती है।
इस गाने को लेजेंडरी सिंगर अल्का याग्निक ने अपनी मधुर आवाज दी थी, और उनकी आवाज ने इसे सचमुच यादगार बना दिया। ये गाना कई सालों तक रेडियो पर खूब धूम मचाता रहा और आज भी जब ये बजता है तो Gen-Z खुद को इसकी ताल पर डांस करने से रोक नहीं पाती। 90 और 2000 के दौर में ऐश्वर्या राय ने कई ऐसे गाने दिए हैं, जिन्हें आज भी सेलिब्रेट किया जाता है और 'दैया-दैया रे' उनमें से एक है।
रोमांटिक थ्रिलर 'दिल का रिश्ता' में ऐश्वर्या राय के साथ अर्जुन रामपाल और प्रियांशु चटर्जी मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म का निर्देशन नरेश मल्होत्रा ने किया था। फिल्म तो बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई, पर 'दैया-दैया रे' ने धूम मचा दी। इस गाने का संगीत नदीम-श्रवण ने दिया था और बोल समीर ने लिखे थे। यह ऐश्वर्या राय के करियर के सबसे हिट और यादगार गानों में से एक माना जाता है।
फिल्म की कहानी ऐश्वर्या राय के किरदार टिया शर्मा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो प्रियांशु चटर्जी के किरदार से प्यार करती है। बिजनेसमैन जय मेहता (अर्जुन रामपाल) टिया को पहली नजर में पसंद कर लेता है, लेकिन टिया उसे ठुकरा देती है। जय शराब के नशे में धुत होकर गाड़ी चलाता है और एक एक्सीडेंट हो जाता है। इस हादसे में राज की मौत हो जाती है और टिया अपनी याददाश्त खो बैठती है। जय, टिया और उसकी माँ को अपने पास रखता है, लेकिन अपराधबोध के कारण उससे दूर होता चला जाता है। फिल्म में राखी गुलजार, परेश रावल और ईशा कोपिकर भी अहम भूमिकाओं में थे।
भले ही 'दिल का रिश्ता' बॉक्स ऑफिस पर दिल नहीं जीत पाई, लेकिन इसका ये गाना तो आज भी लोगों के दिलों पर राज कर रहा है। क्या आपने भी इस गाने पर बचपन में ठुमके लगाए हैं?
