MAD Indiaसंगीत, सितारे और पॉप कल्चर
मनोरंजन

तुषार कपूर से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, हैरी बॉक्सर की आवाज़ से नहीं हुआ ऑडियो का मिलान

बॉलीवुड एक्टर तुषार कपूर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। दावा था कि ये कॉल लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर आया है।

दरअसल, तुषार को कथित तौर पर 'हैरी बॉक्सर' नाम के शख्स ने कॉल किया, जिसने खुद को इसी गैंग का बताया। तुषार ने बिना देर किए मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस ने जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला कि कॉल करने वाले की आवाज़ लॉरेंस बिश्नोई गैंग के असली सदस्य 'हैरी बॉक्सर' के उपलब्ध ऑडियो सैंपल से मैच ही नहीं हुई! अब मुंबई पुलिस को शक है कि कोई शरारती तत्व बस गैंग का नाम इस्तेमाल करके अभिनेता को डराने की कोशिश की है।

जानकारी के मुताबिक, तुषार कपूर को आए कॉल में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताकर 5 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। मुंबई पुलिस ने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया और जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी। क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने जब धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की और उसे असली हैरी बॉक्सर की आवाज़ से मिलाया, तो मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि दोनों आवाज़ों के बीच मिलान नहीं हुआ। इसके बाद शुरुआती जांच में कॉल के फर्जी होने का संदेह जताया गया है।

अब पुलिस उस शख्स की पहचान करने में जुटी है, जिसने कथित तौर पर यह धमकी भरा ऑडियो भेजा था। जांच टीम कॉल के तकनीकी सबूतों और उससे जुड़े डिजिटल इनपुट की पड़ताल कर रही है। फिलहाल शुरुआती जांच में हैरी बॉक्सर की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि कॉल के पीछे किसका हाथ था, उसका असली मकसद क्या था और क्या इस मामले का बिश्नोई गैंग से वास्तव में कोई संबंध है।

सार्वजनिक स्रोतों, विकिपीडिया, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और टिकटॉक से जानकारी के साथ।

इस ख़बर का वीडियो देखें