वीकेंड वॉच: ये 5 फिल्में जिनके क्लाइमेक्स दिमाग घुमा देंगे, IMDb रेटिंग भी 7 से ऊपर!

अगर आप थ्रिलर और सस्पेंस फिल्मों के शौकीन हैं और चाहते हैं कि फिल्म खत्म होने के बाद भी आप उसके बारे में सोचते रहें, तो इन पांच फिल्मों को अपनी वॉचलिस्ट में ज़रूर शामिल करें. इन फिल्मों का आखिरी सीन इतना अनएक्सपेक्टेड है कि आप एक पल के लिए अपनी सीट से उठ नहीं पाएंगे. हर फिल्म के साथ हम आपको उसकी IMDb रेटिंग और आप उसे कहां देख सकते हैं, यह भी बता रहे हैं.
कौन? (Kaun?)
एक तूफानी बारिश की रात है और आप घर में अकेले हैं! तभी टीवी पर खबर आती है कि शहर में एक सीरियल किलर घूम रहा है. ठीक उसी पल आपके दरवाजे की घंटी बजती है... राम गोपाल वर्मा की 1999 की ये थ्रिलर फिल्म 'कौन?' आपको इसी सिचुएशन में ला खड़ा करती है. 1 घंटे 30 मिनट की यह कहानी एक अकेली लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने माता-पिता का इंतज़ार कर रही होती है. जब दरवाजे पर एक अनजान शख्स, जो मिस्टर मल्होत्रा का घर ढूंढ रहा होता है, आता है, तो लड़की पहले तो उसे अंदर आने देने से कतराती है.
पर तभी उसे एहसास होता है कि उसके घर में उसके अलावा भी कोई मौजूद है! ये ट्विस्ट इतना तगड़ा है कि वो अनजान शख्स भी मजबूरन घर के अंदर आ जाता है. मनोज बाजपेयी और उर्मिला मातोंडकर जैसे सितारों से सजी इस फिल्म में इन तीनों किरदारों के बीच की गुत्थी जैसे-जैसे सुलझती है, आपके दिमाग में बस एक ही सवाल कौंधेगा - आखिर असली सीरियल किलर कौन है? और जब फिल्म के आखिर में ये राज़ खुलेगा, तो आपका तो दिमाग ही चकरा जाएगा, ये पक्का है! इसकी IMDb रेटिंग 7.8 है और आप इसे यूट्यूब पर देख सकते हैं.
कहानी (Kahaani)
विद्या बालन की 2012 में आई 'कहानी' को बॉलीवुड की सस्पेंस थ्रिलर्स में एक बेंचमार्क माना जाता है. एक प्रेग्नेंट महिला, जो लंदन से कोलकाता सिर्फ अपने गायब पति को ढूंढने के लिए आती है, उसकी ये जर्नी आपको सीट से चिपकाए रखेगी. इस महिला को उसके पति को ढूंढने में एक लोकल पुलिस ऑफिसर मदद करता है. लेकिन इस तलाश में जितना वो आगे बढ़ते हैं, कहानी उतनी ही उलझती चली जाती है.
हर सीन के साथ नई पहेलियां सामने आती हैं और आपको लगता है कि आप जवाब के करीब हैं, तभी एक नया ट्विस्ट आ जाता है. इस फिल्म के क्लाइमेक्स में एक ऐसा दमदार ट्विस्ट है जो आपके दिमाग को पूरी तरह से घुमा देगा. और जब फिल्म का अंत होगा, तो जो खुलासा होगा वो आपके सारे कयासों को गलत साबित कर देगा और आप दांतों तले उंगलियां दबा लेंगे. इसकी IMDb रेटिंग 8.1 है और आप इसे प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.
कार्तिक कॉलिंग कार्तिक (Karthik Calling Karthik)
फरहान अख्तर और दीपिका पादुकोण की 2010 में आई फिल्म 'कार्तिक कॉलिंग कार्तिक' एक ऐसे लड़के की कहानी है जो अपनी जिंदगी में लगातार मुश्किलों से घिरा रहता है. बॉस से डांट खाना उसकी रोज़ की बात है और उसके जीवन में कई समस्याएं हैं. फिर एक दिन अचानक उसके पास एक अनजान फोन कॉल आता है. फोन करने वाला कार्तिक से कहता है कि वो उसकी जिंदगी बदल देगा.
ये मिस्टीरियस फोन कॉल ही फिल्म का पूरा सस्पेंस है, जिसे विजय लालवानी ने डायरेक्ट किया है. इसकी IMDb रेटिंग 7.2 है और आप इसे नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.
तलाश: द आंसर लाइज विदइन (Talaash: The Answer Lies Within)
रीमा कागती के डायरेक्शन में बनी 2012 की फिल्म 'तलाश: द आंसर लाइज विदइन' सिर्फ एक सस्पेंस थ्रिलर नहीं, बल्कि एक इमोशनल जर्नी भी है. आमिर खान, करीना कपूर और रानी मुखर्जी जैसे बड़े नामों से सजी इस फिल्म की कहानी इंस्पेक्टर शेखावत और उनकी पत्नी के इर्द-गिर्द घूमती है, कपल के बेटे की मौत हो जाती है. जहां पत्नी अपने दुख को खुलकर जीती है, वहीं इंस्पेक्टर शेखावत अपने गम को भुलाने के लिए एक एक्टर की मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने में जुट जाता है.
इस केस के दौरान इंस्पेक्टर के साथ कुछ अजीब घटनाएं घटती हैं. क्या आप तैयार हैं इस गहरे रहस्य को सुलझाने के लिए? इसकी IMDb रेटिंग 7.3 है और आप इसे प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.
अंधाधुन (Andhadhun)
श्रीराम राघवन की 2018 में आई 'अंधाधुन' एक ऐसी फिल्म है जिसका क्लाइमेक्स शायद आपको कई दिनों तक सोने न दे! आयुष्मान खुराना ने इसमें आकाश नाम के एक पियानो टीचर का रोल प्ले किया है, जो अंधा होता है. वो एक मर्डर का गवाह बन जाता है. अब सोचिए, एक अंधा इंसान कैसे किसी मर्डर का गवाह बन सकता है? यहीं से उसकी मुसीबतें शुरू होती हैं और एक के बाद एक वो ऐसी सिचुएशन्स में फंसता चला जाता है, जहां से निकलना नामुमकिन लगता है.
फिल्म का सबसे बड़ा ट्विस्ट इसके क्लाइमेक्स में है, जो आपको ये सोचने पर मजबूर कर देगा कि क्या आकाश सच में अंधा था, या वो सिर्फ अंधा होने का नाटक कर रहा था? इस सवाल का जवाब शायद आप खुद भी ढूंढते रह जाएंगे. ये फिल्म आपको 'क्या होगा आगे?' की उम्मीद में बांधे रखेगी और लास्ट सीन तक आप गेस करते रहेंगे. इसकी IMDb रेटिंग 8.2 है और आप इसे जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं. तो क्या बोलती पब्लिक, इस वीकेंड इनमें से कौन सी फिल्म देख रहे हो?
