अक्का वेब सीरीज़ रिव्यू: कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे दमदार, पर कमज़ोर कहानी ने किया बेड़ा गर्क!

एक आम सोच है कि अगर सत्ता की बागडोर महिलाओं के हाथ में हो, तो समाज और बेहतर हो सकता है, क्योंकि दया, करुणा और दूसरों का भला सोचने जैसे गुण महिलाओं में जन्म से ही होते हैं। वेब सीरीज़ 'अक्का' की नींव शायद इसी विचार पर पड़ी होगी, जो पेरनुरु नाम के एक काल्पनिक मातृसत्तात्मक राज्य पर केंद्रित है। सीरीज़ की शुरुआत में पेरनुरु की मुखिया, जिसे 'अक्का' कहते हैं, खुद दावा करती है कि उनके राज्य की समृद्धि और भारत के बाकी राज्यों के मुकाबले नौ गुना बेहतर साक्षरता दर का राज उनका मातृतंत्र ही है।
लेकिन ये बात समझना मुश्किल हो जाता है कि आखिर इतना समृद्ध और शिक्षित राज्य फिर सोने की तस्करी और शराब के धंधे के लिए कुख्यात क्यों हो गया? पेरनुरु की महिलाएं डॉक्टर, वकील या वैज्ञानिक बनने के बजाय केवल बंदूक और कटार चलाने तक ही क्यों सिमट कर रह गईं? पेरनुरु का यही पतन, 'नेटफ्लिक्स' पर आई इस नई क्राइम-थ्रिलर सीरीज़ की सबसे बड़ी कमज़ोरी बनकर उभरता है। ये कैसा मातृतंत्र, जहां हर बात का लॉजिक ही गायब है!
कहानी: मातृतंत्र बनाम साजिश
'अक्का' की कहानी पेरनुरु की है, जहाँ शासन पुरुष नहीं, बल्कि बहनें चलाती हैं और गद्दी पर बैठने वाली मुखिया को 'अक्का' कहा जाता है। परंपरा के अनुसार, यहाँ उत्तराधिकारी भी बेटियां ही बनती हैं। मौजूदा अक्का मुतक्का (तन्वी आज़मी) की बेटी भवानी (कीर्ति सुरेश) अपने कारोबार की बागडोर संभाले हुए है। तभी मुंबई की स्मगलर शंकर अन्ना (महेश मांजरेकर) की करीबी रुद्रा (राधिका आप्टे) पेरनुरु के तट पर तस्करी का माल उतारने के बहाने एंट्री मारती है। हालांकि, रुद्रा का असली मकसद पेरनुरु में बहनों का शासन खत्म करना और मुतक्का को पूरी तरह से बर्बाद करना है। लेकिन रुद्रा ऐसा क्यों करना चाहती है? क्या वह अपने इस खतरनाक मकसद में कामयाब हो पाएगी? इन सवालों के जवाब जानने के लिए आपको सीरीज़ देखनी पड़ेगी,
डायरेक्शन और स्क्रीनप्ले: कॉन्सेप्ट अच्छा पर एग्जीक्यूशन में मार खा गई
धर्मराज शेट्टी के डायरेक्शन में बनी इस सीरीज़ की दुनिया काफी अलग, नई और दिलचस्प है। क्रिएटिविटी के मामले में पेरनुरु को 'गेम ऑफ थ्रोन्स' की तरह तीन इलाकों – परप्लाडी, हेरकड़ा और मलेबार घरानों में बांटा गया है। अक्का के लिए भी कुछ नियम-कानून बड़े मज़ेदार बनाए गए हैं। जैसे, अक्का कभी शादी नहीं कर सकती, लेकिन उसका एक बेटी की मां होना कंपल्सरी है, चाहे बेटी गोद ली हुई ही क्यों न हो। येरुमा और कथुआ जैसी जनजातियों के सब-प्लॉट भी कहानी में जोड़े गए हैं। लेकिन अफ़सोस, कमज़ोर स्क्रीनप्ले के कारण ये पूरी क्रिएटिविटी बस कागज़ों पर ही अच्छी लगती है।
हम देखते हैं कि रुद्रा चुटकी बजाते ही भवानी और पेरनुरु की पूरी व्यवस्था हिला देती है। इससे एक बड़ा सवाल खड़ा होता है कि आखिर 800 साल तक राज करने वाली ये लड़ाका महिलाएं इतनी कमज़ोर कैसे हो सकती हैं? एक सुनार की हत्या से सोने का पूरा कारोबार ठप हो जाता है और मुट्ठी भर लोगों के मारे जाने से पूरा साम्राज्य बिखरने लगता है। ये सारे घटनाक्रम बिलकुल भी विश्वसनीय नहीं लगते। इसी तरह, भवानी को उसकी रियाया (जनता) के सामने हथकड़ी लगाकर ले जाया जाता है, लेकिन हैरानी की बात ये है कि कोई विरोध तो दूर, एक शब्द तक नहीं बोलता। मुतक्का और भवानी के किरदारों में न तो ऐसी बहादुरी दिखती है, न बुद्धिमत्ता और न ही जनहित की भावना, जिससे दर्शक उनके प्रति सम्मान या जुड़ाव महसूस कर सकें। रुद्रा के किरदार में कुछ परतें तो हैं, लेकिन उसे भी बिस्तर और बंदूक के इर्द-गिर्द ही समेट कर रख दिया गया है। हाँ, उसे पर्दे पर आकर्षक अंदाज़ में पेश करने में कोई कमी नहीं छोड़ी गई है।
अभिनय और प्रोडक्शन: कुछ ने दिल जीता, कुछ ने किया निराश
अभिनय की बात करें, तो साड़ी और गहनों में सजी कीर्ति सुरेश खूबसूरत दिखने के साथ-साथ अपनी परफॉर्मेंस से भी सब पर भारी पड़ती हैं। उनकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और एक्टिंग इस सीरीज़ का सबसे मज़बूत पक्ष है। राधिका आप्टे भी अपनी छाप छोड़ती हैं, लेकिन कई जगह उनके संवादों में वह इमोशनल गहराई गायब दिखती है, जिसकी उनके किरदार से उम्मीद थी। फिर भी, कीर्ति और राधिका के आमने-सामने वाले सीन काफी प्रभावी हैं। तन्वी आज़मी अपने अनुभव से सीरीज़ को मज़बूती देती हैं, जबकि युवा मुतक्का के रूप में मोनिका पंवार भी असरदार हैं। अंशुमान पुष्कर का काम ठीक-ठाक है।
कलाकारों के अलावा, कॉस्ट्यूम डिज़ाइनरों की तारीफ भी बनती है। उन्होंने किरदारों को अलग पहचान देने और पेरनुरु की दुनिया को विश्वसनीय रूप देने में बहुत अहम भूमिका निभाई है। लेकिन शानदार कॉस्ट्यूम, भव्य सेटअप और एक दिलचस्प कॉन्सेप्ट के बावजूद, 'अक्का' एक साधारण रिवेंज ड्रामा बनकर रह जाती है।
अगर आप कीर्ति सुरेश के ज़बरदस्त और एकदम अलग अवतार को देखना चाहते हैं, तो यह वेब सीरीज़ एक बार ट्राई कर सकते हैं। बाकियों के लिए, इसे देखकर आपका सिर कितनी बार घूमेगा, कहना मुश्किल है!
