MAD Indiaसंगीत, सितारे और पॉप कल्चर
मनोरंजन

रश्मिका मंदाना का हेटर्स को मुंहतोड़ जवाब: '100 तो कुछ भी नहीं, हजार बार करूंगी'

via Instagram @rashmika_mandanna

करण जौहर के शो में रश्मिका मंदाना ने अपनी लव स्टोरी को लेकर एक बात बताई, जिस पर सोशल मीडिया पर तूफान सा आ गया. रश्मिका ने कहा था कि उन्होंने विजय देवरकोंडा को शादी के लिए पूरे एक साल तक और करीब 100 बार मनाया, तब जाकर वो राजी हुए. बस फिर क्या था, इंटरनेट की जनता ने इस बात को पकड़कर दोनों के रिश्ते पर सवाल उठाने शुरू कर दिए.

किसी ने विजय को 'रेड फ्लैग' बता डाला, तो किसी ने रश्मिका को सलाह दी कि उन्हें इससे बेहतर पार्टनर मिल सकता है. कुछ लोगों ने तो दोनों के तलाक तक की भविष्यवाणी कर दी थी. लेकिन अब रश्मिका ने भी चुप्पी तोड़ दी है. एक्ट्रेस ने 8 पेज का एक लंबा-चौड़ा नोट लिखकर अपने रिश्ते पर सवाल उठाने वालों को जवाब दिया है. उन्होंने साफ कर दिया कि उनकी लव स्टोरी को बाहर बैठकर जज करना उतना आसान नहीं है, जितना सोशल मीडिया पर लोगों को लग रहा है.

सिर्फ '100 बार' की बात नहीं, 'हम' की बात थी

रश्मिका ने अपने नोट की शुरुआत में उन सभी को संबोधित किया जो उन्हें प्यार देते हैं और जो ट्रोल करते हैं. उन्होंने लिखा कि वो आमतौर पर ऐसी बातों पर जवाब नहीं देतीं, लेकिन इस बार का बवाल राय कम और गुस्से से भरी भीड़ ज्यादा लग रहा है.

एक्ट्रेस ने बताया कि लोगों ने उनकी बात का असली मतलब समझने के बजाय सिर्फ इस बात को पकड़ लिया कि उन्होंने विजय को 100 बार शादी के लिए मनाया था. रश्मिका के मुताबिक, “ये कभी भी इस बारे में नहीं था कि कितनी बार बोला या पूरा एक साल. तुम लोग वहीं पर अटक गए.” उन्होंने समझाया कि विजय चाहते थे कि वे दोनों एक-दूसरे को समझने के लिए समय और जगह लें, और यह पक्का कर लें कि जिंदगी के उतार-चढ़ाव, खुशी और तनाव के बावजूद, वे यही चाहते हैं और यही सही वक्त है. “और हमने किया. हमने एक-दूसरे को चुना.”

रश्मिका ने अपने और विजय के रिश्ते को समझाते हुए कहा कि दोनों का सोचने का तरीका अलग हो सकता है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि उनके प्यार में कोई कमी है. उन्होंने लिखा कि उन्हें पता था कि उन्हें क्या चाहिए, जबकि विजय को सारी प्रैक्टिकल चीजें सोचने के लिए वक्त चाहिए था. उनके मुताबिक वो दिल वाली हैं और विजय दिमाग वाले. एक्ट्रेस ने यह भी साफ किया कि उनके लिए शादी कभी किसी बड़े प्रपोजल, घुटनों पर बैठने या उंगली में अंगूठी पहनाने का नाम नहीं रही. उनके लिए असली मायने साथ मिलकर जिंदगी और भविष्य बनाने के हैं.

'जब मुश्किल थी, तब वो था, तुम नहीं!'

रश्मिका के नोट की सबसे ज्यादा चर्चा उनकी उस बात को लेकर हो रही है, जिसमें उन्होंने अपने प्यार का खुलकर इजहार किया. ट्रोलर्स को जवाब देते हुए एक्ट्रेस ने लिखा, “ऐसा इंसान ढूंढो जिसके लिए तुम किसी भी हद तक जा सको और जो तुम्हारे लिए भी उतना ही करे. और हां, मैं अपने बंदे के प्यार में पागल हूं. ये कब से बुरी बात हो गई?”

उन्होंने आगे कहा कि अगर वो जिससे शादी कर रही हैं, उसी से प्यार में नहीं हैं, तो फिर शादी करेंगी ही क्यों? वो उनकी पूरी जिंदगी का साथी होने वाला है. आम दिनों और खास दिनों में उनका दोस्त, उनके बच्चों का पिता और वो इंसान जिसके साथ वो बूढ़ी होंगी. रश्मिका ने अपनी बात को और दमदार बनाते हुए कहा, “ऐसा मर्द ढूंढो जो तुमसे इतने खूबसूरती से प्यार करे कि शादी के बाद भी तुम्हारा मन करे उससे कहने का, ‘चलो, शादी करते हैं.’ मैं इसे हजार बार करूंगी- 100 तो कुछ भी नहीं है.” एक्ट्रेस के लिए विजय को बार-बार शादी के लिए कहना कोई परेशानी नहीं, बल्कि अपने प्यार को खुलकर जाहिर करने का तरीका है.

रश्मिका ने उन लोगों को भी जवाब दिया, जो उनके रिश्ते को अपने नजरिए से देखकर फैसला सुना रहे थे. उन्होंने लिखा कि दोनों ने अपनी जिंदगी अपने दम पर बनाई है, वे समझदार, काबिल एडल्ट हैं और उन्होंने एक-दूसरे को चुना है और आखिर तक बार-बार चुनते रहेंगे.

यहां रश्मिका ने अपने रिश्ते को लेकर किसी तीसरे की राय को अहमियत देने से साफ इनकार कर दिया. उनका कहना है कि अगर उनकी लव स्टोरी किसी और की सोच से मेल नहीं खाती, तो इसमें परेशान होने वाली कोई बात नहीं है. उन्होंने उन महिलाओं का भी शुक्रिया अदा किया, जो उनके लिए चिंता जताते हुए उन्हें रिश्ते से बाहर निकलने की सलाह दे रही थीं, लेकिन एक ऐसी बात कही जिसने उनके नोट को और इमोशनल बना दिया.

एक्ट्रेस ने लिखा कि काश उनमें से कुछ लोग दो साल पहले वहां होते, जब चीजें बहुत मुश्किल थीं; तब वो (विजय) था और आज भी है. रश्मिका ने आगे कहा कि वो आज अपनी जिंदगी में सबसे ज्यादा खुश हैं. उनके मुताबिक, किसी रिश्ते की सच्चाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक बयान से नहीं, बल्कि उन मुश्किल वक्तों से पता चलती है, जिनमें दो लोग एक-दूसरे का साथ निभाते हैं.

मेरी फैमिली को बीच में लाना फेमिनिज्म नहीं!

अपने नोट में रश्मिका ने उन निजी पलों का भी जिक्र किया, जब उन्हें अपने पार्टनर के साथ की जरूरत होती है. उन्होंने लिखा, “जब मेरी हड्डी टूटती है, तुम वहां नहीं होते. वो होता है. जब हर महीने मेरा पेट दुखता है, तुम वहां नहीं होते. वो होता है. जब मैं आधी रात को एंग्जायटी में उठ जाती हूं, तुम वहां नहीं होते. वो होता है. जब मुझे सलाह चाहिए, प्रोटेक्शन चाहिए, सुकून चाहिए और सपोर्ट चाहिए- तुम तब भी नहीं होते. वो होता है.”

रश्मिका के मुताबिक, उन्हें अपने रिश्ते में वही प्यार मिला है, जिसकी उन्हें तलाश थी. इसके बाद एक्ट्रेस ने लोगों से अपील की कि वो उनके और विजय के रिश्ते को लेकर चिंता करना छोड़ दें और अपनी जिंदगी में भी प्यार और खुशी तलाशें.

रश्मिका ने अपने नोट के आखिरी हिस्से में उन लोगों को भी खरी-खरी सुनाई, जो उनके रिश्ते पर टिप्पणी करते-करते उनकी फैमिली को निशाना बनाने लगे थे. उन्होंने लिखा, “मेरे बारे में जितना बुरा बोलना है बोलो. मैं सह लूंगी. पर मेरी फैमिली के बारे में बिना उन्हें जाने बोला? वो फेमिनिज्म नहीं है. वो फेमिनिज्म के नाम पर बदमाशी है.”

ये तो गजब का पलटवार था! अब बताओ, इस नोट के बाद कौन है जो रश्मिका के प्यार पर सवाल उठाएगा? अपनी तो बोलती बंद हो गई!

सार्वजनिक स्रोतों, विकिपीडिया, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और टिकटॉक से जानकारी के साथ।