सलमान खान की 19 साल की 'बिग बॉस' होस्टिंग पर भारी पड़ा रोहित शेट्टी का एक 'वीकेंड का वार'! क्या सच में हिल जाएगी भाईजान की कुर्सी?

साल 2010... जब बड़े पर्दे के 'चुलबुल पांडे' सलमान खान ने 'बिग बॉस 4' के साथ टीवी स्क्रीन पर अपनी दबंगई का आगाज किया था. अरशद वारसी, शिल्पा शेट्टी और अमिताभ बच्चन जैसे होस्ट के बाद सलमान ने इस रियलिटी शो की कमान ऐसे संभाली कि वो खुद शो की पहचान बन गए. उनकी होस्टिंग ने ऐसा जलवा दिखाया कि भाईजान 'बिग बॉस' की आन-बान-शान बन गए और ये शो उनके बिना अधूरा सा लगने लगा. हर सीजन के साथ, सलमान खान ने अपने इमोशंस, फीलिंग्स और पर्सनैलिटी को बेझिझक दिखाया, जिससे दर्शकों को पूरा पैकेज मिलता था. उनकी दबंगई का जादू ऐसा चला कि वो 'बिग बॉस' की 'आत्मा' बन गए. लेकिन क्या अभी भी ऐसा ही है?
कहाँ गई सलमान की दबंगई?
सलमान खान पिछले 19 सालों से लगातार 'बिग बॉस' को होस्ट कर रहे हैं. फैंस ने उनका गुस्सा, चिल्लाना, उनका ह्यूमर और उनका गंभीर होना— सब कुछ देखा है. 'वीकेंड का वार' में सलमान का नजरिया जानने के लिए दर्शक बेसब्री से इंतजार करते थे. सबके मन में बस यही रहता था कि इस बार कौन सलमान की 'हिट लिस्ट' में होगा. उनका गुस्सा कंटेस्टेंट्स की सिट्टी-पिट्टी गुल कर देता था. भाईजान का गुस्से में चीखना हो या इमोशंस में बहकर रोना, हर एक्शन ने फैंस के दिलों को छुआ.
जैसे ही भाईजान आस्तीन चढ़ाते थे, घरवालों की धड़कनें तेज हो जाती थीं. उनका सूट उतारना या स्टेज पर कुर्सी लगाकर बैठना सीधे संकेत देता था कि आज तो जबरदस्त वाट लगने वाली है. कंटेस्टेंट्स के हदें पार करने पर सलमान का तिलमिलाना दर्शकों को खौफ में डाल देता था. सोशल मीडिया पर उनकी तगड़ी होस्टिंग का खूब रौला था. लेकिन अब शो के दर्शक बस यही पूछते फिर रहे हैं, 'कहां गुम हो गया भाईजान का वो ऑरा?' फायर मोड में रहने वाले सलमान के फीके रिएक्शन देखना लोगों का दिल तोड़ रहा है. दबंग सलमान की होस्टिंग में अब न दबंगई बची है और न ही वो आग. वो हर सीजन के साथ शांत होते दिख रहे हैं. खुद सलमान कह चुके हैं कि अब वो होस्टिंग के दौरान एग्रेशन नहीं दिखाने वाले हैं.
60 साल की उम्र में सलमान खान जिंदगी के इस पड़ाव पर शांति से कंटेस्टेंट्स के मुद्दों को सुलझाना चाहते हैं. उम्र और जिंदगी के अनुभव के साथ उनका शांत अंदाज समझ आता है, लेकिन क्या दर्शक इस बदले हुए सलमान को पसंद कर रहे हैं? आलम ये है कि अब उनकी डांट भी डांट जैसी नहीं लगती. उनका रुतबा जरूर है, लेकिन उनके शब्द और एटीट्यूड ठंडा पड़ गया है. सलमान की होस्टिंग में आए इस 360 डिग्री बदलाव को रोहित शेट्टी की एंट्री के बाद और ज्यादा नोटिस किया गया.
रोहित शेट्टी का भौकाल
बीते 'वीकेंड का वार' को फिल्ममेकर रोहित शेट्टी ने क्या संभाला, मजा ही आ गया! रोहित ने खिलाड़ियों से 'नो फिल्टर' बात की. उन्होंने उनकी क्लास भी लगाई और उनके साथ फन भी किया. ओवरस्मार्ट बन रहे घरवालों को उन्होंने पल भर में आईना दिखा दिया. रोहित की होस्टिंग में जुनून, जज्बा और सही एटीट्यूड साफ दिखा. फिल्ममेकर ने वो कर दिखाया जो पिछले सात हफ्तों में भाईजान नहीं कर पाए थे. कुल मिलाकर कहें तो रोहित शेट्टी ने गर्दा उड़ा दिया! कंटेस्टेंट्स ने भी उनकी होस्टिंग में खूब मजे किए. सबको डांट के साथ-साथ फन भी करने को मिला.
क्या हिलेगी सलमान की कुर्सी?
इंटरनेट पर भी रोहित शेट्टी की होस्टिंग को खूब सराहा गया है. कुछ लोगों ने तो यहां तक कह दिया कि वो सलमान से बेहतर थे, और कईयों ने रोहित को 'बिग बॉस' की कमान देने की मांग की. रोहित शेट्टी की इस दमदार एंट्री ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है — क्या 'बिग बॉस' को अब सलमान के विकल्प की तलाश है? कुछ लोगों का मानना है कि मेकर्स सलमान खान के लिए एक अल्टरनेट होस्ट तैयार कर रहे हैं. सलमान के बाद रोहित शेट्टी सबको परफेक्ट लगे, क्योंकि उनमें दबंग स्वैग भी है और रौबदार पर्सनैलिटी भी.
भविष्य में क्या होगा, सलमान ही होस्ट रहेंगे या कोई और उनकी जगह लेगा, ये तो वक्त ही बताएगा. लेकिन इतना ज़रूर है कि लोग अब सलमान के बिना भी शो की कल्पना करने लगे हैं. ये वाकई 'दबंग खान' के लिए एक 'डेंजर अलर्ट' है. इससे मालूम पड़ता है कि बतौर होस्ट दर्शक उनसे पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं. वैसे हकीकत ये भी है कि सलमान की कुर्सी इतनी आसानी से नहीं हिलने वाली है. उनका फैंडम और 'बिग बॉस' के साथ उनका सालों पुराना कोलैबोरेशन एक झटके में खत्म नहीं हो सकता. लेकिन इतना ज़रूर है कि रोहित शेट्टी 'बीबी होस्ट' के रूप में जनता की पसंद जरूर बन गए हैं. अब देखना होगा रोहित शेट्टी को मिली इस वाहवाही के बाद भाईजान फायर मोड में लौटते हैं या नहीं... या फिर उनकी शांति दर्शकों को और दूर ले जाएगी?
