रामायण को टक्कर देने आ रहे हैं अक्षय कुमार की 32 साल पुरानी 'मोहरा'!

दिवाली पर 5 नवंबर 2026 को रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर 'रामायण' की ग्रैंड एंट्री होने वाली है. फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, और क्लैश से बचने के लिए कोई नई फिल्म इस दौरान रिलीज नहीं हो रही. लेकिन अब खबर आई है कि बॉक्स ऑफिस पर 'रामायण' को एक ऐसी फिल्म से टक्कर मिलने वाली है, जिसकी शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की थी – वो है अक्षय कुमार की 32 साल पुरानी सुपरहिट 'मोहरा'!
'मोहरा' फिल्म, जो 1994 में रिलीज हुई थी, अब 6 नवंबर 2026 को 4K वर्जन में सिनेमाघरों में फिर से रिलीज होने वाली है. तिरुमूर्ति प्राइवेट लिमिटिड ने इसकी री-रिलीज़ की घोषणा की है. राजीव राय के डायरेक्शन में बनी और गुलशन राय द्वारा प्रोड्यूस की गई इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ रवीना टंडन और सुनील शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में थे. इसके अलावा नसीरुद्दीन शाह, परेश रावल, गुलशन ग्रोवर और रजा मुराद जैसे दिग्गज कलाकार भी थे. फिल्म के गानों 'तू चीज़ बड़ी है मस्त-मस्त' और 'टिप-टिप बरसा पानी' काफी हिट हुए थे. फिल्म की कहानी विशाल अग्निहोत्री (सुनील शेट्टी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे अपनी पत्नी के साथ हुए बलात्कार और हत्या का न्याय नहीं मिलता, तो वह खुद अपराधियों को सज़ा देता है और फिर उसे उम्रकैद हो जाती है.
अब बात करते हैं 'रामायण' की, जिसे नितेश तिवारी ने डायरेक्ट किया है. इसमें रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण के किरदार में दिखेंगे. सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में हैं. इनके अलावा, अरुण गोविल, रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता, काजल अग्रवाल और कुणाल कपूर समेत कई बड़े एक्टर्स भी फिल्म का हिस्सा हैं. 'रामायण' दो पार्ट्स में आ रही है, जिसका पहला पार्ट इस साल दिवाली पर रिलीज होगा और दूसरा पार्ट अगले साल दिवाली पर. प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने एक पॉडकास्ट में बताया था कि दोनों पार्ट्स का कुल बजट 4000 करोड़ रुपए है, जो इसे भारत की अब तक की सबसे महंगी फिल्म बनाता है.
तो अब 32 साल पुराना जादू, 4K वर्जन में, 4000 करोड़ के मेगा बजट वाली नई 'रामायण' से भिड़ने वाला है. क्या अक्षय कुमार की पुरानी 'मोहरा' रणबीर की 'रामायण' को कड़ी टक्कर दे पाएगी, या यह सिर्फ यादें ताजा करने वाली बात होगी? हमें तो लगता है, इस दिवाली बॉक्स ऑफिस पर डबल धमाका होने वाला है!
