MAD Indiaसंगीत, सितारे और पॉप कल्चर
मनोरंजन

जीनत अमान ने 'सेक्स सिंबल' टैग पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं - कैमरे के पीछे मैं शर्मीली औरत थी!

via Instagram @thezeenataman

हिंदी सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस जीनत अमान ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं और अपने दौर की सबसे बोल्ड और ग्लैमरस हसीनाओं में गिनी जाती थीं. इसी वजह से उन्हें 'सेक्स सिंबल' का टैग मिला, जो सालों तक उनकी पहचान बन गया. अब, 74 साल की उम्र में जीनत अमान ने इस टैग पर सालों बाद चुप्पी तोड़ी है और अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दिल खोलकर बात की है. उन्होंने बताया है कि कैसे उनकी पब्लिक इमेज और निजी जिंदगी में ज़मीन-आसमान का फर्क था.

अपनी हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट में जीनत अमान ने बड़ी बेबाकी से बताया कि उन्होंने बेशक सिनेमा की दुनिया में अपने काम को पूरे दिल से खुशी-खुशी अपनाया, पर कैमरे के पीछे की हकीकत बिल्कुल अलग थी. वो लिखती हैं, "मैंने अपने काम को पूरी लगन से किया, लेकिन कैमरे के पीछे की असली औरत इससे बिल्कुल अलग थी. स्वभाव से शांत रहने वाली, थोड़ी शर्मीली और अपने काम में खोए रहने पर सबसे ज्यादा खुश होने वाली." यानी कि हमें जो पर्दे पर ग्लैमरस, बोल्ड और बिंदास जीनत दिखती थी, असल में वो काफी शांत और अपने काम में मस्त रहने वाली इंसान हैं! ये तो बड़ा ट्विस्ट निकला!

उन्होंने लोगों की धारणाओं पर भी बड़ी गहरी बात कही है. जीनत का मानना है कि "लोगों की नजर में बने रहना एक बड़ी अजीब बात है. मेरी जिंदगी की जर्नी में जब मैं लोगों के सामने रही, तो मुझे 'सेक्स सिंबल' कहा गया. इस बिजनेस में ऐसी पहचान बनना आम बात थी. मैंने इसे सिनेमा की दुनिया का एक हिस्सा समझकर स्वीकार किया." लेकिन असली बात तो ये है कि लोग हमें अक्सर वैसा नहीं देखते, जैसे हम असल में होते हैं. वो अपनी सोच, अपने अनुभवों और कई बार तो अपनी कल्पना के हिसाब से ही हमें देखते और परखते हैं. उनकी ये बात तो एकदम सही है – हम सबने कभी न कभी ऐसा महसूस किया होगा कि लोग हमें बिल्कुल अलग समझते हैं.

एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि किसी एक इंसान के लिए आप मिस्टीरियस हो सकते हैं, तो किसी दूसरे के लिए रौबदार या डरावने. यहां तक कि फ्लाइट में बगल में बैठा अजनबी भी आपको एक अच्छा बातूनी साथी समझ सकता है. है ना मजेदार बात? इसीलिए जीनत अमान का कहना है कि हर किसी की सोच को सही करने की कोशिश करना बेकार है. सबको अपनी राय रखने का हक है, और हमें अपनी सच्चाई जीने का. जरूरी नहीं कि ये दोनों बातें हमेशा मेल खाएं. भई, बात तो पते की है! आखिर हर किसी को अपनी राय रखने की पूरी आज़ादी है, है कि नहीं?

अपनी पोस्ट में जीनत अमान ने एक स्टाइलिश लुक में तस्वीरें भी शेयर की हैं. इन तस्वीरों में वो ब्लैक टॉप और ट्राउजर के साथ ट्रेंच कोट पहने हुए हैं और हाई बूट्स कैरी किए दिख रही हैं. चेयर पर बैठकर उनका पोज एकदम स्वैग वाला है और पोस्ट के आखिर में उन्होंने अपने फैंस से पूछा कि क्या उन्होंने कभी महसूस किया है कि किसी के मन में उनके बारे में बिल्कुल गलत धारणा थी, या उन्होंने खुद कभी किसी को गलत समझा है.

सार्वजनिक स्रोतों, विकिपीडिया, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और टिकटॉक से जानकारी के साथ।