'राइज एंड फॉल' में वीरेंद्र सहवाग का पारा हाई! बोले, 'मैं जहां से आता हूं वहां गोलियां चलती हैं'

रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' इन दिनों एंटरटेनमेंट का पूरा डोज दे रहा है, लेकिन लगता है ये ड्रामा अब थोड़ी पर्सनल लड़ाई में बदल गया है. शो के अंदर टीवी एक्टर गौतम गुलाटी और बिहार के इंफ्लुएंसर मनीष कश्यप के बीच जमकर लड़ाइयां हो रही हैं. मानो दोनों ने कसम खा ली हो कि जब तक एक-दूसरे को गालियां न दें, तब तक दिन पूरा नहीं होगा! बात इतनी बढ़ गई है कि मनीष कई बार गौतम को धमकी भी दे चुके हैं, जिसे देख अब दिग्गज क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है.
सहवाग ने मनीष कश्यप को समझाते हुए बताया कि वो खुद दिल्ली के नजफगढ़ से हैं. उन्होंने कहा कि नजफगढ़ ऐसी जगह है जहां कभी गैंगस्टरों का राज था, जहां गोलियां चलती थीं. पर क्या कभी उन्होंने किसी को धमकाने के लिए अपने इस बैकग्राउंड का इस्तेमाल किया? वीरेंद्र सहवाग ने मनीष को फटकार लगाते हुए कहा, "आपको पता है कि मैं कहां से आता हूं? दिल्ली में एक छोटा सा कसबा है, जिसका नाम है नजफगढ़. वहां करीब 100 गांव हैं, जिसके 50 गांव में सिर्फ गैंगस्टर रहते हैं. पुराने पन्ने उठाकर देखोगे तो हेडलाइन्स आती थीं कि इस गैंगस्टर ने उस गैंगस्टर को मार दिया. लेकिन क्या मेरे करियर में कभी किसी ने मेरे मुंह से सुना कि मैं कहां से आता हूं. मैंने कभी कहा कि मैं जिस इलाके से आता हूं, वहां गोलियां चलती हैं."
सहवाग की डांट सुनकर मनीष ने कहा कि उन्होंने शुरू में ही कह दिया था कि वो न किसी को गाली देंगे और न सुनेंगे. इस पर सहवाग ने उन्हें उस जगह से चले जाने और न सुनने की सलाह दी. मनीष ने कहा कि पहली बार गौतम के बोलने पर उन्होंने मना किया था, लेकिन दूसरी बार उन्होंने फिर रिएक्ट किया.
लगता है सहवाग का ये लेक्चर भी गौतम और मनीष पर बेअसर रहा. दोनों अपनी बदतमीजी से बाज नहीं आए. ये देखकर सहवाग का गुस्सा इस कदर बढ़ा कि वो शो के बीच में ही स्टेज छोड़कर चले गए! हालांकि, बाद में वो वापस आए और शो को पूरा किया. अब 'राइज एंड फॉल' में हर कोई अपना-अपना गेम तो खेल ही रहा है, लेकिन सवाल ये है कि क्या ये सिर्फ गेम है या बस एक 'रिएक्शन' का बहाना? आप ही बताओ, क्या ये दोनों कभी सुधरेंगे?
